Wednesday, February 18, 2026
spot_img
HomePrayagrajMahaKumbh: अफसर तक करते थे इंतजार, अब श्रद्धालुओं की ताक रहे राह;...

MahaKumbh: अफसर तक करते थे इंतजार, अब श्रद्धालुओं की ताक रहे राह; महाकुंभ समापन के बाद अधिकतर घाटों पर सन्नाटा

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर नाविकों ने मनमानी वसूली की। संगम स्नान के लिए श्रद्धालुओं से प्रति व्यक्ति एक हजार से लेकर पांच हजार तक रुपये वसूले गए, जबकि अधिकतम किराया 150 रुपये तक था लेकिन महाकुंभ संपन्न होने के बाद अब स्थिति उलट है। नाविक अब श्रद्धालुओं की बाट जोहते नजर आ रहे हैं।

महाकुंभ मेले के दौरान जहां नावों के लिए मारामारी मची थी। नाविकों की ओर से निर्धारित दरों से 10 गुना अधिक कीमत वसूली जा रही थी। इसके बावजूद आमजन से लेकर अफसर तक कतार में लगे थे, लेकिन महाकुंभ संपन्न होने के बाद अब स्थिति उलट है।

शुक्रवार को जब संवाददाता ने इसका जायजा लिया तो हजारों की संख्या में नाव और नाविक कतार में थे और श्रद्धालुओं की बाट जोहते नजर आए। बोट क्लब ही नहीं, सरस्वती घाट, वीआईपी घाट, अक्षयवट, मेला मैदान, शंख बेनी सहित अधिकतर घाटों पर यही हालात नजर आए।

दरअसल, महाकुंभ में करीब 10 हजार प्राइवेट और 860 सरकारी नावों का पंजीकरण किया गया था, जिसके माध्यम से श्रद्धालु संगम स्नान कर सकें। मेला प्रशासन की ओर से नावों के लिए शुल्क भी निर्धारित किया गया था, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर नाविकों ने मनमानी वसूली की।

संगम स्नान के लिए श्रद्धालुओं से प्रति व्यक्ति एक हजार से लेकर पांच हजार तक रुपये वसूले गए, जबकि अधिकतम किराया 150 रुपये तक था। इस दौरान शिकायतों के बाद भी पुलिस और मेला प्रशासन के अधिकारी बेबस और लाचार बने रहे।

नाविकों के लिए निर्धारित दर पर गौर करें तो बलुआ घाट से संगम 150 रुपये, गऊ घाट से संगम 120, इमली घाट से संगम 115, मिटों पार्क घाट से संगम 115, मनकामेश्वर से संगम 115, सरस्वती घाट से संगम 115, किला घाट से संगम 90, अरैल घाट से संगम 75, मेला मैदान से संगम 75, सोमेश्वर घाट से संगम 60, गंगा, यमुना पार से संगम 60, शंख बेनी घाट से संगम 60, रामघाट झूंसी से संगम 55 और राजघाट से संगम 55 रुपये किराया तय किया गया था।

महाकुंभ के दौरान मेला प्रशासन की ओर से निर्धारित दरों की सूची कुछ स्थानों पर लगाई गई, लेकिन चंद दिनों बाद ही अधिकतर स्थानों से इसे हटा दिया गया। इस संबंध में मेलाधिकारी विजय किरण आनंद का कहना है कि नाविकों की मनमानी संबंधी कई मामलों में कार्रवाई हुई हैं, केस भी दर्ज कराया गया है।
Courtsy amarujala.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments