Justice Verma Case : हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं की हड़ताल स्थगित हो गई है। मंगलवार से अधिवक्ता कामकाज करेंगे। इसकी घोषणा हाईकोर्ट बार की बैठक के बाद अध्यक्ष अनिल तिवारी और एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष टीपी सिंह ने की। कहा कि वादकारियों को हो रही दिक्कत को देखते हुए फैसला लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं की हड़ताल फिलहाल स्थगित हो गई है। न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के दिल्ली स्थित आवास में भारी मात्रा में कैश मिलने के बाद कथित भ्रष्टाचार और कदाचार का आरोप लगाते हुए बार एसोसिएशन ने मंगलवार से हड़ताल की घोषणा कर दी थी। हाईकोर्ट के फोटो वेरिफिकेशन का कार्य भी बंद हो गया था। शुक्रवार को अनिल तिवारी और एल्डर्स कमेटी की अध्यक्ष टीपी सिंह की मौजूदगी में कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके बाद सर्व सम्मति से हड़ताल को स्थगित करने और मंगलवार से हाईकोर्ट का कामकाज शुरू करने पर सहमति बनी।



