स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया (एसजीएफआइ) के तत्वावधान में आयोजित 68वें राष्ट्रीय स्कूली खेल 2024 -25 में छह खेलों का सुव्यवस्थित आयोजन कर उत्तर प्रदेश ने सबको पछाड़ दिया था। देश भर में सुव्यवस्थित आयोजन में पहला स्थान प्राप्त करने पर एसजीएफआई ने दिल्ली में यूपी की आयोजन टीम को शनिवार को पुरस्कृत किया। यूपी बोर्ड के सचिव / एसजीएफआइ के एक्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य भगवती सिंह तथा यूपी का प्रतिनिधित्व करने वाले उप निदेशक कानपुर मंडल राजू राणा तथा सहायक निदेशक खेल शिवानी पाण्डेय को एसजीएफआइ के अध्यक्ष दीपक कुमार ने शील्ड देकर पुरस्कृत किया। बोर्ड सचिव ने आश्वस्त किया है कि खेलों में उम्र का फर्जीवाड़ा रोकने के लिए और सख्ती की जाएगी।
इस दौरान एसजीएफआई की वार्षिक आमसभा में पिछले आयोजनों की समीक्षा के साथ-साथ अगले साल के आयोजनों के स्थलों पर चर्चा कर उसे पारित किया गया। संपन्न हुए राष्ट्रीय स्कूली खेल के व्यवस्थित आयोजन में दूसरे स्थान पर रहने वाले झारखंड तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले पंजाब को अध्यक्ष ने शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया। इसी तरह खेलों में सबसे ज्यादा मेडल वाले महाराष्ट्र, दूसरे नंबर पर रहने वाले दिल्ली तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले हरियाणा राज्य की टीम को पुरस्कृत किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि खेलों के क्षितिज पर देश का परचम फहराने के लिए स्कूली खेल आयोजनों पर गंभीर होना होगा। यही खिलाड़ी आगे चलकर देश के लिए मेडल जीतेंगे। बोर्ड सचिव ने बैठक/सम्मान समारोह में आश्वस्त किया कि उम्र का फर्जीवाड़ा कर खेलों में पहुंचने वाले अब उम्र घटा नहीं पाएंगे। उम्र घटाकर आयु प्रमाणित करने के लिए हाईस्कूल का अंकपत्र पाने का खेल आधार और अपार आइडी का मिलान करके रोका जाएगा।
Anveshi India Bureau



