Arjun Kapoor Birthday: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर का सिनेमाई करियर काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। अभिनेता ने साल 2012 में एक्टिंग की शुरुआत की थी। आइए जानते हैं एक्टर के जन्मदिन पर उनके जीवन के बारे में।
अर्जुन कपूर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के एक संघर्षशील, जुझारू और हैंडसम अभिनेताओं में शुमार हैं। तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद अभिनेता ने फिल्मी दुनिया में सफलता की ओर कदम बढ़ाए। आज गुरुवार के दिन अभिनेता अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर हम अभिनेता के जीवन पर प्रकाश डालेंगे और उन्हें करीब से जानने का प्रयास करेंगे।
दिग्गज एक्टर्स के घराने से आते हैं अर्जुन कपूर
अर्जुन कपूर का जन्म 26 जून 1985 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था। अभिनेता दिग्गज फिल्म निर्माता बोनी कपूर और मोना शौरी कपूर के बेटे हैं। अर्जुन कपूर का जीवन बचपन से ही संघर्षों में रहा, क्योंकि वो कम उम्र में ही अपने पिता से अलग हो गए थे, फिर उनकी माता मोना कपूर का भी निधन हो गया था। इस घटना ने अभिनेता के जीवन को बहुत प्रभावित किया था। इसके साथ ही आपको बताते चलें कि उनके पिता ने बाद में मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी से शादी कर ली थी। वहीं, अर्जन कपूर के चाचा अनिल कपूर हैं और जान्हवी कपूर-खुशी कपूर उनकी बहने हैं।
असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर शुरू किया करियर
अर्जुन कपूर बचपन में बहुत मोटे हुआ करते थे। उनका वजन 140 किलोग्राम के आस-पास हो गया था, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य पर ध्यान दिया और आज एक हैंडसम एक्टर के तौर पर जाने जाते हैं। बचपन में अभिनेता का मन पढ़ाई में नहीं लगा, क्योंकि उनका जुनून एक्टिंग में था। इसके बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़कर साल 2003 में ‘कल हो ना हो’ फिल्म से सहायक निर्देशक के रूप में करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद अभिनेता ने अपने पिता बोनी कपूर के साथ ‘नो एंट्री’ और ‘वांटेड’ फिल्म में सहयोगी निर्माता का कर्यभार संभाला।
डेब्यू फिल्म से जीता दर्शकों का दिल
साल 2012 में अर्जुन कपूर ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उनकी पहली फिल्म ‘इशकजादे’ थी, इस रोमांटिक-एक्शन फिल्म का निर्देशन हबीब फैसल ने किया था और इसका निर्माण यशराज बैनर तले किया गया था। इसमें अभिनेता ने शानदार एक्टिंग की थी, जिसके लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू एक्टर के तौर पर फिल्मफेयर में नॉमिनेशन मिला। ‘इशकजादे’ में परिणीति चोपड़ा ने एक्ट्रेस के तौर पर मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों द्वारा खूब सराहना मिली और ये फिल्म औसत साबित हुई थी। इसके बाद अर्जुन कपूर ने कई और फिल्मों कीं, जैसे- ‘औरंगजैब’, ‘गुंडे’, ‘2 स्टेट्स’, ‘फाइंडिंग फैनी’, ‘तेवर’, ‘की एंड का’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ और ‘मुबारकां’ आदि नाम शामिल हैं।
अभिनेता का व्यक्तिगत जीवन
अर्जुन कपूर फिल्मों के अलावा अपने निजी जीवन को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। अभिनेता लगभग पांच वर्षों तक एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा के साथ रिलेशनशिप में रहे। दोनों का रिश्ता खूब चर्चा में रहा, फिर पिछले साल दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके अलावा अर्जुन कपूर का अपने पिता की दूसरी पत्नी श्रीदेवी और उनके बच्चे जान्हवी और खुशी कपूर से भी शुरू में रिश्ते अच्छे नहीं थे। हालांकि, बाद में सबसे बहुत अच्छा रिश्ता हो गया था।
हिट फिल्मों की खोज में हैं अभिनेता
दुनिया का कोई भी कलाकार हो, सबने अपने जीवन में खराब दौर देखें हैं। जीवन के उतार-चढ़ाव से अर्जुन कपूर भी अछूते नहीं रहे हैं। अभिनेता ने पिछलों वर्षों में कई फिल्में दी हैं, ‘एक विलेन रिटर्न्स’, ‘दे लडी किलर’, ‘सिंघम अगेन’ जैसे नाम शामिल हैं। ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुईं, इस वजह से लगभग आठ वर्षों से अभिनेता हिट फिल्मों की खोज में हैं। साथ ही आपको बताते चलें कि अभिनेता को आखिरी बार ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ में देखा गया था, जो अच्छा प्रदर्शन करने में नाकामयाब साबित हुई थी। लेकिन अर्जुन कपूर ने हार नहीं मानी है और संघर्ष जारी रखा है।