प्रयागराज, 6 अगस्त 2025 — प्रयागराज में आई भीषण बाढ़ के चलते प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु अग्रवाल समाज प्रयागराज के नेतृत्व में राहत कार्यों का दूसरा चरण बुधवार को संपन्न हुआ। इस मानवीय अभियान में अग्रवाल महिला मंडल, अग्रवाल युवा मंडल एवं रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम का सक्रिय योगदान रहा।
शाम 4 बजे सभी स्वयंसेवक एनी बेसेंट स्कूल, छोटा बघाड़ा, रेलवे कॉलोनी में एकत्र हुए, जहाँ से नाव द्वारा बघाड़ा क्षेत्र की ओर प्रस्थान किया गया। वहां 1000 फूड पैकेट्स, जरूरी खाद्य सामग्री और पानी की बोतलों का वितरण बाढ़ प्रभावित परिवारों को किया गया।
इस सेवा कार्य के संयोजक पार्षद आनंद अग्रवाल एवं सोनिका अग्रवाल रहे, जबकि सह-संयोजक के रूप में राकेश अग्रवाल और मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने राहत अभियान की व्यवस्थाएं संभालीं।
अग्रवाल समाज प्रयागराज के अध्यक्ष रोटेरियन पियूष रंजन अग्रवाल ने कहा, “हमारा प्रयास यही है कि इस आपदा की घड़ी में कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे। समाज की एकजुटता और सहयोग से ही हम इस राहत कार्य को निरंतर गति दे पा रहे हैं।”
रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. प्रतीक पांडे ने कहा, “रोटरी का मूल उद्देश्य सेवा है, और इस कठिन समय में हम सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह मानवीय सहयोग का अद्भुत उदाहरण है।”
अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने कहा, “युवा शक्ति हर सेवा कार्य में अग्रणी भूमिका निभा रही है। यह समय एकजुट होकर मानवता की मिसाल पेश करने का है, और हमें गर्व है कि समाज का हर युवा सेवा में जुटा हुआ है।”
अग्रवाल महिला मंडल की महामंत्री सलोनी अग्रवाल ने कहा, “महिलाएं तन-मन-धन से इस अभियान से जुड़ी हैं। सेवा, करुणा और सहयोग हमारे संस्कार हैं और हम उन्हें निभा रहे हैं।”
अग्रवाल समाज के महामंत्री अभिषेक मित्तल ने सभी समाजजनों से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर अपने नैतिक और सामाजिक दायित्व का निर्वहन करें।
अग्रवाल युवा मंडल के महामंत्री वैभव गोयल ने कहा कि समाज का हर युवा सदस्य राहत वितरण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जो हमारी संगठन शक्ति और सामूहिक चेतना का प्रतीक है।
अग्रवाल समाज से हरीश चंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), आशीष गोयल और आयुष अग्रवाल उपस्थित रहे।
रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम से रोटेरियन प्रमेय मित्तल, अनुज केसरवानी, दीपक गुप्ता, सचिव संजय तलवार, ज्योति सिंह, चार्टर अध्यक्ष रितेश सिंह सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



