उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि ऑनलाइन आवेदन शुरू होने से पहले वन टाइम रजिस्टेशन (ओटीआर) नंबर प्राप्त कर लें क्योंकि ओटीआर आधारित ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे।
राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता के 1516 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 अगस्त से शुरू होंगे। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सोमवार रात प्रवक्ता भर्ती का संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया। अभ्यर्थियों को पांच साल से नई भर्ती का इंतजार था। इससे पहले दिसंबर-2020 में इस भर्ती का विज्ञापन आया था।
परीक्षा का विस्तृत विज्ञापन मंगलवार को यूपीपीएससी की वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर जारी किया जाएगा। जिसमें ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया, शुल्क जमा करने की प्रक्रिया, परीक्षा योजना एवं पाठ्यक्रम, जाति प्रमाणपत्रों का प्रोफार्मा, आरक्षण एवं आयु में छूट के संबंध में निर्धारित महत्वपूर्ण निर्देश आदि उपलब्ध रहेंगे।



