प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम नगर निगम प्रयागराज द्वारा निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। नगर निगम प्रांगण से प्रारंभ होकर सुभाष चौराहा, सिविल लाइंस तक निकली इस यात्रा में महापौर श्री गणेश केसरवानी ने नेतृत्व किया।
हाथों में लहराते तिरंगे, गूंजते “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे, देशभक्ति गीतों की धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप—पूरा वातावरण उत्साह और गौरव से भर उठा। नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य, स्कूली छात्र-छात्राएं, महिला समूह और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए।
महापौर गणेश केसरवानी ने इस अवसर पर कहा, “तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, बलिदान और एकता का प्रतीक है। हमें इसे सम्मानित करना और इसके आदर्शों को जीवन में उतारना चाहिए।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। रास्ते भर लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों से तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के समापन पर सुभाष चौराहा स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर महापौर एवं उपस्थित जनों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, लेकिन प्रतिभागियों के चेहरे पर देशप्रेम का जोश देर तक कायम रहा।

यात्रा के दौरान जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता पूर्व मंत्री डॉ नरेंद्र कुमार सिंह गौर , भाजपा प्रवक्ता राजेश केसरवानी,पार्षद किरन जायसवाल, कुसुम लता गुप्ता, पूर्व पार्षद गिरी शंकर प्रभाकर मिश्रा, दीपिका जैसल, दीपिका पटेल, सुनीता चोपड़ा, तारावती भगवान दास, बबलू रघुवंशी, अमित सिंह, पंकज जयसवाल, शिव भारती, आकाश सोनकर, रितेश मिश्रा, मुकेश लारा, दिग्विजय कुशवाहा, आशीष द्विवेदी, बलराज पटेल, संजय पासी, साहिल अरोरा, शिवनारायण यादव, राममिलन, सियाराम मौर्य, गुलाब सिंह पटेल, नेम यादव, राम केसरवानी, सोनिका अग्रवाल, रमीज़ हसन, अब्दुल समद जिया उबेद, गिरिजेश मिश्रा, राजू पाठक, कुंज बिहारी मिश्रा, अमर सिंह, मनीष केसरवानी, रॉबिन साहू, विवेक अग्रवाल, सनी सिंह, अंजनी सिंह, आनंद जायसवाल, शिखा रस्तोगी, राजेश सोनकर, रोहित पांडे पप्पू, राजेश पटेल, राणा चावला, सुशील खरबंदा, दीनानाथ कुशवाहा, ज्ञान बाबू केसरवानी, मनोज मिश्रा, दिलीप केसरवानी, आदि लोग उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



