Tuesday, March 10, 2026
spot_img
HomePrayagrajमहापुरुषों की जयंती पर बच्चों ने दिया स्वच्छता और नशा मुक्ति का...

महापुरुषों की जयंती पर बच्चों ने दिया स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश

प्रयागराज | मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट, प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में गयादीन विश्वकर्मा इण्टर कालेज, भिदिउरा, थरवई, प्रयागराज में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती का आयोजन बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारतरत्न लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष तीर्थराज विश्वकर्मा, युवा भाजपा नेता विकास मौर्य सहित क्षेत्र के कई प्रबुद्धजन एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के आदर्शों को समाज में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक एवं स्थानीय लोग सम्मिलित हुए। रैली के दौरान ‘नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो’, ‘स्वच्छ रहो – स्वस्थ रहो’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

ट्रस्ट के अध्यक्ष तीर्थराज विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन से हमें सादगी, ईमानदारी, त्याग और सेवा की प्रेरणा मिलती है। यदि हम उनके विचारों को जीवन में अपनाएँ तो समाज और राष्ट्र दोनों प्रगति की ओर अग्रसर होंगे। आज के दौर में स्वच्छता और नशा मुक्ति दो ऐसे संकल्प हैं, जिन्हें हमें व्यवहार में उतारना होगा।

युवा भाजपा नेता विकास मौर्य ने कहा कि नई पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है, इसलिए बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा और सेवा के पथ पर अग्रसर होना चाहिए।

इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविताएँ, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें गांधी जी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री जी के जय जवान, जय किसान के नारों की गूंज सुनाई दी। बच्चों के उत्साह ने पूरे वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएँ, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहा।

कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments