रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम के सौजन्य से रामानुजन पब्लिक स्कूल, झलवा में आयोजित निःशुल्क नेत्र जाँच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर रविवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर में कुल 132 लोगों की नेत्र जाँच की गई, जिनमें से 16 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया।

वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिविर में पहुँचकर उच्च स्तरीय नेत्र परीक्षण, परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। डॉक्टरों ने संवेदनशीलता और समर्पण के साथ मरीजों की जाँच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आई-कैम्प प्रोजेक्ट हेड एवं रोटरी के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन शशांक जैन ने विद्यालय के डायरेक्टर अपूर्व तथा पूरे विद्यालय परिवार के सहयोग और प्रबंधन की सराहना की।
इस दौरान क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. प्रतीक पांडेय ने रोटेरियन शशांक जैन को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई गई कक्ष व्यवस्था, अनुशासन, स्टाफ सहयोग और स्वच्छता को उत्कृष्ट बताया।
कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन प्रमय मित्तल ने कहा कि यह शिविर केवल चिकित्सा सेवा का आयोजन नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं तथा सामूहिक सहयोग की मिसाल है। उन्होंने कहा कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम आगे भी जनहित में ऐसे सेवा कार्य जारी रखेगा।
क्लब के वरिष्ठ सदस्य रोटेरियन दीपक गुप्ता ने बताया कि सभी सदस्यों ने टीमवर्क और सेवा-भाव के साथ पूरे दिन सक्रिय रहकर शिविर को सुचारु और प्रभावी बनाया। शिविर की सफलता में रोटेरियन मनीष गर्ग, रोटेरियन गौरव अग्रवाल, रोटेरियन मनोज जायसवाल, रोटेरियन अनुज केसरवानी सहित कई सदस्यों का योगदान उल्लेखनीय रहा।
मीडिया प्रभारी रोटेरियन मनीष गर्ग ने कहा कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम की सबसे बड़ी शक्ति उसका टीमवर्क और समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की टीम, रोटेरियन सदस्यों और विद्यालय परिवार के समर्पित सहयोग ने इस शिविर को अत्यंत सफल बनाया। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है।
Anveshi India Bureau



