विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर प्रयागराज में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई तथा भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ कार्यालय एवं मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के पश्चात दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की परीक्षाओं में अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें हिन्दी कवि, पत्रकार और प्रखर वक्ता बताया। उन्होंने कहा कि वाजपेई भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक थे तथा अनेक राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं का संपादन किया। वे भारत के दसवें प्रधानमंत्री रहे और तीन बार इस पद को सुशोभित किया।

मदन मोहन मालवीय के बारे में उन्होंने कहा कि महामना मालवीय काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के प्रणेता और युगपुरुष थे। पत्रकारिता, वकालत, समाज सुधार और मातृभाषा के प्रति उनका योगदान अतुलनीय रहा। उनका उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों का निर्माण करना था जो राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित हों।
इस अवसर पर संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने अटल बिहारी वाजपेई की रचना “कदम मिलाकर चलना होगा” की संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसमें छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन सत्य प्रकाश पाण्डेय ने किया।
Anveshi India Bureau



