एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, प्रयागराज के तत्वावधान में 15 यूपी बटालियन एनसीसी, प्रयागराज द्वारा आयोजित 12 दिवसीय विशेष संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (युवा आपदा मित्र योजना) का आयोजन सैनिक पीजी कॉलेज, मई, देवकली, हनुमानगंज, प्रयागराज परिसर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। भीषण ठंड और घने कोहरे जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद शिविर का संचालन अनुशासन और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया गया।
शिविर के दौरान राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश द्वारा कैडेट्स को आपदा प्रबंधन से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इससे कैडेट्स में आपदा की स्थिति में सेवा, सजगता और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ।

इस विशेष शिविर का संचालन 15 यूपी बटालियन एनसीसी, प्रयागराज के कमान अधिकारी एवं कैंप कमांडेंट कर्नल राहुल दुबे के मार्गदर्शन में हुआ। डिप्टी कैंप कमांडेंट मेजर संतोष जायसवाल के सहयोग से शिविर ने अपने सभी उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया।
शिविर में एनसीसी प्रयागराज ग्रुप की 11 बटालियनों के कैडेट्स ने सहभागिता की। कैडेट्स के आपसी समन्वय, अनुशासन और समर्पण से एनसीसी के मूल सिद्धांत “एकता एवं अनुशासन” की झलक देखने को मिली। विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों, प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में कैडेट्स ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागी कैडेट्स को सहभागिता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में कैंप कमांडेंट कर्नल राहुल दुबे ने कैडेट्स को सफल शिविर के लिए बधाई दी और उन्हें राष्ट्रसेवा, अनुशासन, ईमानदारी और एकता जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
शिविर के संचालन में एएनओ मेजर विमल कुमार उत्तम, कैप्टन मनोज कुमार सिंह, कैप्टन रेखा सिंह, लेफ्टिनेंट (डॉ.) कृपा शंकर यादव तथा जीसीआई नीति सिंह का योगदान सराहनीय रहा।
इस अवसर पर कैंप एसएम सूबेदार राजेंद्र कुमार, कैंप ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार सुरेश कुमार एवं ट्रेनिंग एनसीओ सीएचएम शमशेर सिंह द्वारा सैनिक पीजी कॉलेज के चेयरमैन संतोष यादव ‘आर्मी’ और कॉलेज व्यवस्थापक हरिशंकर मेजर यादव को स्मृति चिन्ह प्रदान कर शिविर संचालन में उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल संचालन में कैंप बीएचएम सीएचएम पुष्पेंद्र सिंह चाहर, कैंप मेस कमांडर ओम प्रकाश, कैंप कैडेट बीएचएम प्रसून तिवारी, कैंप कैडेट सीएचएम शुभम यादव तथा प्रशासनिक कार्यों में सहयोग देने वाले आकर्ष विश्वकर्मा का योगदान भी उल्लेखनीय रहा।
समग्र रूप से यह 12 दिवसीय विशेष संयुक्त प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास, आपदा प्रबंधन कौशल और राष्ट्रसेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने वाला रहा।
Anveshi India Bureau



