Tuesday, February 17, 2026
spot_img
HomeUttar Pradeshवीबी-जी राम जी से विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा : केशव...

वीबी-जी राम जी से विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा : केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांव की समस्याओं का समाधान गांव में ही कराना देश एवं प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में प्रत्येक शुक्रवार को हर जिले के प्रत्येक विकास खंड की दो ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की तर्ज पर अब स्मार्ट गांव बनाए जाएंगे, क्योंकि गांव की गलियां ही ग्रामीणों का हाइवे हैं।

 

उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को जनपद श्रावस्ती के विकास खंड हरिहरपुररानी के भंगहा गांव में आयोजित ग्राम चौपाल को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पेंशन योजना, मुफ्त राशन जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कर रही है। स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब गांव की महिला सशक्त होगी, तभी प्रदेश और देश सशक्त होगा।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को आवास की चाबी तथा 5 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों के तहत 466 समूहों को 4 करोड़ 77 लाख रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए।

श्री मौर्य ने ‘लखपति दीदी योजना’ पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप हर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला को आत्मनिर्भर बनाकर लखपति दीदी बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिवॉल्विंग फंड और कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड में किसी भी प्रकार की देरी न हो तथा बैंक लिंकेज की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा और एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने वीबी-जी राम जी (VB G-RAM-G) अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीब और मजदूर भाइयों-बहनों को नई शक्ति मिलेगी और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने बताया कि पहले श्रमिकों को साल में 100 दिन का कार्य मिलता था, जिसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। अब जॉब कार्ड तीन वर्षों के लिए बनेगा। उन्होंने इस योजना के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हर घर नल योजना के तहत सड़कों और गलियों को खोदने के बाद यदि उन्हें पूर्व स्थिति में नहीं लाया गया तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी योजना में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जहां-जहां पाइपलाइन डाली गई है, वहां निरीक्षण और परीक्षण कराया जाए। बिना भेदभाव के हर घर तक नल से जल पहुंचाना प्रधानमंत्री की गारंटी है।

श्री मौर्य ने कहा कि गरीबों के लिए सरकार का खजाना खुला है और सभी पात्रों को भविष्य में पक्के आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। ग्राम चौपाल स्थलों पर पेंशन योजनाओं के कैंप लगाने तथा चौपाल से पूर्व सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीबी-जी राम जी योजना में पहले से कार्यरत किसी भी आउटसोर्सिंग या संविदा कर्मी को हटाया नहीं जाएगा, बल्कि रोजगार के अवसर और बढ़ाए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री नितिन अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, विधायक रामफेरन पाण्डेय, डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, सुभाष सत्या सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री का स्मृति चिन्ह व माल्यार्पण कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Anveshi India bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments