नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज कस्बे में प्रयागराज-रायबरेली मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम नकाबपोश बदमाशों ने रेडीमेड कपड़े के थोक कारोबारी की दुकान में घुसकर तमंचा सटाकर रुपये लूट लिए।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज कस्बे में प्रयागराज-रायबरेली मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम नकाबपोश बदमाशों ने रेडीमेड कपड़े के थोक कारोबारी की दुकान में घुसकर तमंचा सटाकर रुपये लूट लिए। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कस्बा के दानियालपुर स्थित प्रयागराज-रायबरेली हाईवे पर विराट ट्रेडर फर्म के मालिक दिनेश कुमार केसरवानी रेडीमेड कपड़ों का थोक कारोबार करते हैं। उन्होंने मकान के नीचे ही दुकान बना रखी है।
शुक्रवार शाम दिनेश का भाई दिलीप केसरवानी दुकान पर था, तभी तीन नकाबपोश बदमाश काली बाइक से पहुंचे। बदमाशों ने पहले दुकान में घुसते ही कंबल का भाव पूछा। इसी दौरान सन्नाटे का फायदा उठाकर बदमाशों ने दुकान में बैठे व्यापारी पर तमंचा तान दिया। तमंचे के बल पर गल्ले में रखे बिक्री के रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश कुंडा की ओर भाग निकले।घटना के बाद व्यापारी ने शोर मचाया तो हड़कंप मच गया, देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लखनऊ राजमार्ग पर स्थित लालगोपालगंज पुलिस बूथ तिराहे के पास हुई वारदात से कस्बे में सनसनी फैल गई। पीड़ित दिलीप केसरवानी के मुताबिक, करीब एक लाख रूपये की लूट हुई है। बदमाशों ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
लूटकांड के बाद पुलिस ने की घेराबंदी
लालगोपालगंज। लूट की वारदात के बाद इंस्पेक्टर नवाबगंज राघवेन्द्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आननफानन प्रतापगढ़ सीमावर्ती थाना हथिगवां, बाघराय और कुंडा पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। साथ ही कौशांबी जिले के कोखराज थाना से भी संपर्क कर सर्च आपरेशन शुरू किया गया। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज के साथ बदमाशों की धरपकड़ के लिए कई स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाकर देर रात तक संभावित स्थानों पर दबिश दी। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस कमिश्नर ने लिया घटनास्थल का जायजा
पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार समेत एडिशनल सीपी, एसपी समेत तमाम अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। कमिश्नर ने घटनास्थल का जल्द खुलासा करने के लिए निर्देशित किया। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की खोजबीन में लगी हुई हैं।
Courtsyamarujala.com



