केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीओई), प्रयागराज के तत्वावधान में धनैचा मलखानपुर स्थित आशुतोष मेमोरियल स्कूल में “विद्यार्थियों के मानसिक विकास” विषय पर एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में सनबीम स्कूल, वाराणसी के अर्पित तिवारी तथा कृति पब्लिक स्कूल, बाराबंकी के अभिजीत बनर्जी ने विशेषज्ञ प्रशिक्षक के रूप में विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन एवं व्यवहारिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की गई।


इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आशुतोष मेमोरियल स्कूल के 24, सेंट थॉमस स्कूल के 20, रश्मौर इंटरनेशनल स्कूल के 4, टैगोर पब्लिक स्कूल के 4, सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट स्कूल घूरपुर के 3, सेंट जोसेफ स्कूल नैनी के 4 तथा सेंट्रल एकेडमी झूंसी के 1 शिक्षक-शिक्षिका ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सेंट्रल एकेडमी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य आनंद पांडे एवं एसएमसी घूरपुर के वरिष्ठ अध्यापक अनुराग पांडे उपस्थित रहे। इससे पूर्व विद्यालय परिसर में आगमन पर विद्यालय के निदेशक डॉ. गिरीश कुमार पांडे ने विशेषज्ञ प्रशिक्षकों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को समझने में इसे सहायक बताया।
Anveshi India Bureau



