माघ मेला–2026 के प्रमुख स्नान पर्व माघी पूर्णिमा (01 फरवरी 2026) के अवसर पर मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा कल्पवासियों की सकुशल वापसी सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज श्री जोगिंदर कुमार की अध्यक्षता में रिज़र्व पुलिस लाइन्स, माघ मेला स्थित तीर्थराज सभागार में ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक, माघ मेला श्री नीरज कुमार पाण्डेय ने अवगत कराया कि दिनांक 31.01.2026 को कथावाचक श्री प्रदीप मिश्रा जी की कथा का अंतिम दिन होने, शनिवार होने के कारण लेटे हनुमान मंदिर पर संभावित भारी भीड़, कथा समापन के उपरांत श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा कल्पवासियों को लेने हेतु वाहनों के प्रवेश से भीड़ एवं यातायात दबाव बढ़ने की संभावना है। उन्होंने वाहनों के अनुशासित संचालन, निर्धारित पार्किंग उपयोग, पॉन्टून पुलों पर विशेष सतर्कता, पैदल आवागमन को बाधित न होने देने तथा स्नान घाटों को समय-समय पर खाली कराए जाने के निर्देश दिए। घाटों पर सीटी के प्रयोग, बैठने अथवा सोने से रोकने तथा स्नान उपरांत शीघ्र निकासी पर विशेष बल दिया गया।
मेलाधिकारी श्री ऋषि राज ने बताया कि प्रत्येक प्रमुख स्नान पर्व पर अनुमान से अधिक भीड़ देखने को मिलती है तथा माघी पूर्णिमा पर कल्पवासियों को लेने हेतु परिजनों द्वारा वाहनों के साथ आगमन से दबाव और बढ़ेगा। उन्होंने गाटा मार्गों पर विशेष सतर्कता, कथा आयोजन के कारण सेक्टर-04 एवं 05 की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पूर्व अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) श्री विजय ढुल ने कहा कि कथा कार्यक्रम के दौरान एवं समापन पर श्रद्धालुओं द्वारा कथावाचक को प्रणाम करने के प्रयास से भीड़ अचानक बढ़ सकती है। उन्होंने मार्गों पर लोगों को बैठने न देने, रास्तों को अवरुद्ध न होने देने तथा कथा ड्यूटी में लगे कर्मियों को संबंधित राजपत्रित अधिकारियों द्वारा समुचित ब्रीफिंग कराए जाने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा ने निर्देशित किया कि माघी पूर्णिमा स्नान पर्व एवं कथा कार्यक्रम के दौरान यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। गलत स्थानों पर खड़े वाहनों को क्रेन से तत्काल हटाने, ट्रैफिक ड्यूटी को पृथक रूप से ब्रीफ करने, फोर्स के प्रभावी उपयोग तथा यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि फोर्स स्वयं भीड़ का हिस्सा न बने।
उन्होंने यह भी बताया कि माघी पूर्णिमा के दिन रविवार होने एवं पुष्य नक्षत्र के संयोग से रवि-पुष्य योग बनने के कारण भीड़ अत्यधिक रहने की संभावना है। कल्पवासियों का मूवमेंट भारी रहेगा, अतः नामित पर्यवेक्षण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में ब्रीफिंग सुनिश्चित करें, गाटा मार्गों पर विशेष सतर्कता रखें, गंगामूर्ति तिराहा के संबंध में डीसीपी सिटी द्वारा पृथक ब्रीफिंग कराई जाए तथा स्नान वर्जित क्षेत्रों में किसी भी दशा में स्नान न होने पाए।
पुलिस आयुक्त श्री जोगिंदर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि माघी पूर्णिमा स्नान पर्व माघ मेला–2026 का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील चरण है, जिसमें श्रद्धालुओं की संख्या, कल्पवासियों की वापसी तथा वाहनों की आवाजाही एक साथ संचालित होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इसे रूटीन ड्यूटी न मानते हुए पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि ड्यूटी पर तैनात समस्त बल से प्रत्येक ड्यूटी अवधि में दो बार अटेंडेंस शीट पर हस्ताक्षर कराए जाएं तथा किसी भी स्तर पर अनुपस्थिति या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। दिनांक 31.01.2026 को प्रातः 05:00 बजे पुलिस आयुक्त द्वारा वायरलेस सेट के माध्यम से पुनः ब्रीफिंग की जाएगी, जिसमें सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराएंगे। यातायात डायवर्जन को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने, पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में त्वरित समन्वय से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अंत में पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कर्तव्यनिष्ठा, संयम एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा से समझौता न किया जाए, ताकि माघी पूर्णिमा स्नान पर्व एवं कल्पवासियों की वापसी पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल रूप से सम्पन्न कराई जा सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था/मुख्यालय), पुलिस अधीक्षक माघ मेला, मेलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त गंगानगर, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर सहित पुलिस, प्रशासन एवं अन्य इकाइयों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



