राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा माननीय कार्यपालक अध्यक्ष/वरिष्ठ न्यायमूर्ति, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज श्री सत्य प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में दिनांक 22.02.2026 को आयोजित किए जाने वाले मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संबंध में शुक्रवार को प्रातः 10 बजे जनपद न्यायालय सभागार, प्रयागराज में बैठक संपन्न हुई।
न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारीगण के साथ प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज श्रीमती हर्षिका सिंह, जिला अग्रणी प्रबंधक, समाज कल्याण अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं को शिविर से जोड़ने पर जोर
माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं को चिन्हित कर उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों के अनुरूप मेगा शिविर का हिस्सा बनाया जाए।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण, निर्धन बीमा योजनाएं, असंगठित श्रमिकों एवं जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को विधिक साक्षरता के अंतर्गत व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया।
पात्र लाभार्थियों की पहचान के निर्देश
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज श्री शशि कुमार ने बताया कि परा विधिक स्वयंसेवकों की सहायता से समस्त तहसीलों एवं ग्राम पंचायतों में पात्र लाभार्थियों की पहचान की जाए, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
सभी विभागों को सक्रिय सहभागिता के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज श्रीमती हर्षिका सिंह ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि दिनांक 22.02.2026 को रामदुलारी बच्चू लाल जायसवाल पी.जी. कॉलेज, नवाबगंज, सोरांव में आयोजित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अधिकतम लोगों को लाभान्वित किया जाए।
Anveshi India Bureau



