Saturday, February 14, 2026
spot_img
HomeUttar Pradeshमहिला सशक्तिकरण और गांवों का सर्वांगीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता — केशव प्रसाद...

महिला सशक्तिकरण और गांवों का सर्वांगीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता — केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को अम्बेडकरनगर जनपद के भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत खजुरी ग्राम में आयोजित ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण और गांवों का सर्वांगीण विकास प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 4 करोड़ गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराया गया है तथा 3 करोड़ और घर निर्माणाधीन हैं। साथ ही 6 करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी आवश्यकताओं की सामग्री की खरीद यथासंभव स्वयं सहायता समूहों की दीदियों के माध्यम से की जाए। वृद्धा, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन को बढ़ाकर 1 अप्रैल से 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाने की घोषणा भी दोहराई।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित अम्बेडकरनगर का अर्थ है गरीब को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासपरक प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। उपमुख्यमंत्री ने अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा माताओं को संतुलित पोषण का महत्व बताया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित पोषाहार की समीक्षा कर लाभार्थियों से संवाद भी किया।

बीसी सखियों के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ग्रामीण बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल लेन-देन और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बीसी सखियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में प्रत्येक शुक्रवार दो ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन व्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। ग्राम चौपाल कार्यक्रमों को सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि “गांवों का विकास ही प्रदेश के विकास का आधार है।”

कलेक्ट्रेट सभागार में योजनाओं की समीक्षा

इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित “हर घर नल से जल” योजना की समीक्षा करते हुए 55 परियोजनाओं का पुनः सत्यापन कर प्रत्येक घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री कुसुम योजना से अधिकाधिक किसानों को आच्छादित करने हेतु अभियान चलाने को कहा।

राशन कार्ड लाभार्थियों का सत्यापन कर अपात्रों को बाहर करने और पात्रों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

टांडा रोडवेज की निष्प्रयोज्य भूमि के सदुपयोग, नगर पंचायत किछौछा में अतिक्रमण हटाने तथा जलालपुर में जाम की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए।

चकमार्ग, खलिहान, चारागाह एवं ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाने को कहा।

धान खरीद एवं खाद की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अभिभावक–शिक्षक बैठकों के माध्यम से बच्चों की ड्रेस स्वयं सहायता समूहों से क्रय करने हेतु प्रेरित किया जाए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सम्मान निधि से कोई भी पात्र कृषक वंचित न रहे। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की आवश्यकता पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री द्वारा दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए डेढ़ लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा की जानकारी देते हुए उन्होंने चिन्हित चिकित्सालयों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने जनपद में वेंडिंग जोन विकसित करने तथा उनमें स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। “एक जनपद–एक उत्पाद” के साथ “एक जनपद–एक व्यंजन” योजना को भी प्रत्येक तहसील स्तर पर लागू करने को कहा।

छुट्टा गोवंशों को गौशालाओं में संरक्षित करने, स्वयं सहायता समूहों का विस्तार करने तथा जिले में 100 करोड़पति दीदी/समूह तैयार करने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

उपमुख्यमंत्री ने पर्यटन संभावनाओं के विकास तथा श्रवण क्षेत्र धाम में निषाद राज की प्रतिमा स्थापना के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडे, विधायक कटेहरी श्री धर्मराज निषाद, पूर्व सांसद श्री रितेश पाण्डेय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments