प्रयागराज। मनीष कुमार वर्मा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत रविवार को आयोजित चौथे विशेष अभियान दिवस के अवसर पर विधानसभा शहर-उत्तर के वेद भवन महाविद्यालय स्थित बूथ संख्या 401, 402, 403, 404 एवं 405 तथा महाराष्ट्र लोक सेवा ट्रस्ट में स्थापित बूथ संख्या 416, 417, 418, 419 एवं 420 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के क्रम में आयोजित किया गया। दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने एवं सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। जनपद में इससे पूर्व 11 जनवरी, 20 जनवरी एवं 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा फार्म 6, 6A, 7 एवं 8 घोषणा पत्र सहित उपलब्ध रहे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा हेतु हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बूथ पर जाकर अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फार्म-6 भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं अथवा ECINET मोबाइल एप एवं voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। मतदाता सूची में अंकित प्रविष्टियों में त्रुटि के सुधार हेतु फार्म-8 भरा जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) उपस्थित रहे और अभियान में सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर तहसीलदार सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
Anveshi India Bureau



