दिल्ली के कई स्कूलों को ईमेल से बम की धमकी मिली है। यह जानकारी दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस को सुबह करीब 8 बजे मिली, और पुलिस और फायर टीमें स्कूलों में चेकिंग कर रही हैं।
राजधानी दिल्ली के स्कूलों को बम धमकी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज एक बार फिर कुछ स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई है। वहीं, कनॉट प्लेस में एक्सिस बैंक को भी बम की धमकी मिली है। दिल्ली स्थित सरदार पटेल स्कूल, मीरा मॉडल स्कूल समेत कई स्कूलों में आज फिर धमकी भरा ईमेल आया। जिसके बाद बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। स्कूलों में बम निरोधक दस्ते और पुलिस के जवान पहुंच गए हैं और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल, दिल्ली पुलिस की टीमें और बम निरोधक दस्ता स्कूलों के अंदर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहा है। बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, कई स्कूलों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है। छात्रों और शिक्षकों को शांत रहने और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। बैंक परिसर की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी भरे कॉल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या यह किसी संगठित गिरोह का काम है या किसी व्यक्ति विशेष द्वारा फैलाई गई अफवाह।
Courtsyamarujala.com



