सस्ते प्लाॅट का सपना दिखाकर लोगों से अरबों रुपये की ठगी करने वाली शाइन सिटी शहर की पहली कंपनी नहीं है, बल्कि और भी कई कंपनियां लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की चपत लगा चुकी हैं। इनमें सिविल लाइंस स्थित निहारिका वेंचर्स, प्री-चार्ज पे समेत अन्य शामिल हैं।
सस्ते प्लाॅट का सपना दिखाकर लोगों से अरबों रुपये की ठगी करने वाली शाइन सिटी शहर की पहली कंपनी नहीं है, बल्कि और भी कई कंपनियां लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की चपत लगा चुकी हैं। इनमें सिविल लाइंस स्थित निहारिका वेंचर्स, प्री-चार्ज पे समेत अन्य शामिल हैं।
इनके खिलाफ शहर के थानों में कई एफआईआर दर्ज हैं। थानों से लेकर कोर्ट तक के चक्कर काट रहे पीड़ितों को ठगी की रकम नहीं मिल सकी है। वहीं, शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम की दुबई में गिरफ्तारी के बाद पीड़ितों को कुछ हद तक राहत मिली है।
पुलिस का कहना है कि शाइन सिटी कंपनी के जरिये सिर्फ प्रयागराज में ही 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी हो चुकी है। उधर, आरोपी राशिद नसीम की गिरफ्तारी की खबर सुनकर लोगों के थाने में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि, थानों से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर ठगी
जून 2024 में शिवकुटी पुलिस ने तेलियरगंज निवासी काैशल की शिकायत पर सिविल लाइंस स्थित निहारिका वेंचर्स कंपनी के डायरेक्टर अभिषेक द्विवेदी समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज की थी। आरोप था कि यह कंपनी रियल एस्टेट और शेयर बाजार में लोगों का पैसा निवेश कराती है। लालच दिया जाता है कि निवेशकों को हर महीने पांच से छह फीसदी मुनाफा दिया जाएगा। इसी लालच में सैकड़ों लोगों ने करोड़ों रुपये निवेश किए, लेकिन इस बीच पता चला कि कंपनी का ऑफिस बंद कर मालिक रफूचक्कर हो गए हैं। कंपनी पर 400 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। पुलिस मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
रुपये दोगुने करने के नाम पर ठगी
मार्च 2025 में शाहगंज थाने में पटाखा कारोबारी माेहम्मद कादिर समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज की गई। आरोप था कि चिट फंड की फर्जी कंपनी में रुपये दोगुने करने का लालच देकर सैकड़ों लोगों से करीब सौ करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। प्री-चार्ज पे नाम से कंपनी बनाकर आरोपियों ने शहर में अपना नेटवर्क बनाया। पहले छोटे निवेशकों की जमा राशि को दोगुना कर भरोसा जीता, लेकिन जैसे-जैसे रकम बढ़ी तो आरोपियों ने रुपये लौटाने बंद कर दिए। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार हैं।
छह माह में राशि डेढ़ गुनी करने का लालच देकर ठगी
फरवरी 2026 में सिविल लाइंस व जार्ज टाउन थाना पुलिस ने कई लोगों पर एफआईआर की। आरोप है कि दुर्गेश टाक व श्रेयांश टाक समेत अन्य ने टोल टैक्स वसूल करने वाली एक फर्जी कंपनी बनाकर लोगों से रुपये निवेश कराए। गिरोह में प्रयागराज, महाराष्ट्र, राजस्थान के अलावा अन्य कई शहरों के लोग शामिल हैं, जो झांसा देते हैं कि रुपये जमा करने के बाद छह माह में डेढ़ गुना वापस किया जाएगा। इस झांसे में फंसकर दर्जनों लोग करोड़ों रुपये गंवा चुके हैं। धोखाधड़ी सामने आने पर कई थानों में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। हाल ही में करछना थाना पुलिस ने भी आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है।
Courtsyamarujala.com



