प्रयागराज। आशुतोष मेमोरियल स्कूल के वार्षिक उत्सव की अध्यक्षता करते हुए प्रवीण पटेल सांसद फूलपुर ने कहा कि आशुतोष मेमोरियल स्कूल में नन्हें-मुन्ने बच्चों के समग्र व्यक्तित्व के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने यह विचार विद्यालय के वार्षिक उत्सव की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ए.के. जैन, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, तथा विशिष्ट अतिथि मुकेश उपाध्याय रहे। इस अवसर पर सुशील तिवारी (निदेशक, प्रयाग पब्लिक स्कूल), तनुज तिवारी (निदेशक, रसमोर इंटरनेशनल स्कूल), सर्वेश पाण्डेय (निदेशक, रेड ईगल पब्लिक स्कूल), संजय श्रीवास्तव (निदेशक, प्रयाग पब्लिक स्कूल) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी।


विद्यालय परिसर में आगमन पर विद्यालय के चेयरमैन जे.पी.एन. मिश्रा तथा निदेशक निदेशक डॉ. गिरीश कुमार पाण्डेय ने सभी अतिथियों का बुके, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
अपने स्वागत भाषण में प्रो. जे.पी.एन. मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों को मूल्यपरक शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट शिक्षण-प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय की स्थापना की गई थी और आज यह संस्थान क्षेत्र के गौरव के रूप में स्थापित होने की ओर अग्रसर है।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। कक्षा एक से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, स्वागत नृत्य, योगा डांस, डांडिया डांस और जादू डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने मोबाइल की लत, भूख की तृष्णा और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक विषयों पर लघु नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। छोटे बच्चों द्वारा ताइक्वांडो का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा, जबकि अंत में प्रस्तुत “ऑपरेशन सिंदूर” नाटिका ने दर्शकों में रोमांच भर दिया।


मुख्य अतिथि ए.के. जैन ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में बच्चों के चहुँमुखी विकास के लिए विद्यालय का प्रयास सराहनीय है। संयोग से यह दिन International Women’s Day भी था, इसलिए इस अवसर पर बच्चों को श्रेष्ठ संस्कार देने वाली माताओं, समाज में प्रेरणादायी भूमिका निभाने वाली मातृशक्ति तथा विद्यालय में कार्यरत चुनिंदा माताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक डॉ. गिरीश पाण्डेय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Anveshi India Bureau



