भावी पीसीएस अफसर समाज के प्रति क्या सोचते हैं, विपरीत परिस्थितियों में उनमें निर्णय लेने की क्षमता है या नहीं, गंभीर मुद्दों के प्रति उनका दृष्टिकोण क्या है और विषय के प्रति उनको कितनी जानकारी है।
भावी पीसीएस अफसर समाज के प्रति क्या सोचते हैं, विपरीत परिस्थितियों में उनमें निर्णय लेने की क्षमता है या नहीं, गंभीर मुद्दों के प्रति उनका दृष्टिकोण क्या है और विषय के प्रति उनको कितनी जानकारी है, इन तमाम बिंदुओं पर अभ्यर्थियों की योग्यता को परखने के लिए मंगलवार को लोक सेवा आयोग में चल रहे पीसीएस-2024 के साक्षात्कार में सवाल पूछे गए।
एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि काशी-अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी है, इस कथन पर आपकी क्या राय है। सोनम वांगचुक को जेल में किस लिए डाला गया, क्या वह सच में अपराधी हैं। परिस्थिति आधारित एक सवाल था कि यदि आप वर्तमान में एसडीएम हों और अंतरजातीय विवाह के कारण विवाद हो जाए तो उसे कैसे संभालेंगे। वहीं, पूछा गया कि एसडीएम और डीएम में क्या अंतर है। अगर आपको डिप्टी एसपी बना दिया जाए तो आपका पहला कार्य क्या होगा।
एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि यदि किसी क्षेत्र में कुछ किसानों की उपज कम और कुछ की अधिक हो तो कम उपज वाले किसानों की आय कैसे बढ़ाएंगे। अगर आप एसडीएम बन जाएं तो क्षेत्र का विकास कैसे करेंगे। यदि मेरिट वाला और नॉन-मेरिट वाला उम्मीदवार आपके सामने हो और नॉन-मेरिट वाले की सिफारिश के लिए विधायक आ जाएं तो आप क्या करेंगे।
विज्ञान वर्ग से पीजी करने वाले एक अभ्यर्थी से पूछा गया कि पाइथागोरस प्रमेय क्या है और इसका दैनिक जीवन में क्या उपयोग है। प्रिज्म क्या होता है और इसके कितने प्रकार होते हैं। फ्रीक्वेंसी और वेवलेंथ में क्या अंतर है। कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड में से कौन ज्यादा खतरनाक है और क्यों। इंद्रधनुष कैसे बनता है। केमिस्ट्री का मतलब क्या है। दो लोगों के बीच केमिस्ट्री होना किस अर्थ में कहा जाता है।
ये सवाल भी पूछे गए
* गांव के विकास के लिए सबसे ज्यादा जरूरी चीजें क्या हैं।
* ग्राम सभा के प्रधान अपने पद के अलावा कौन-कौन सी जिम्मेदारियां निभाते हैं।
* सीबीएसई में आप क्या सुधार करना चाहेंगे।
* डमी स्कूल को कैसे खत्म करेंगे।
* मिशन शक्ति, लाडली बहन और ड्रोन दीदी योजनाएं क्या हैं।
* प्रारूप समिति के अध्यक्ष कौन थे।
* हिमालय की चौड़ाई कितनी है और उसका केंद्र किसे कहा जाता है।
* प्रयागराज में कौन-कौन सी नदियां बहती हैं।
* महिलाओं की समानता की बात होती है, क्या पुरुषों की समानता की भी बात होनी चाहिए।
Courtsyamarujala.com



