Ranbir Kapoor In Ramayana: ‘रामायण’ से रणबीर कपूर की भगवान राम के किरदार में पहली झलक का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन रणबीर ने खुलासा किया कि उन्होंने इस भूमिका के लिए पहले मना कर दिया था। जानिए फिर क्यों किया हां और कैसे की अपने किरदार की तैयारी…
रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। दिवाली पर रिलीज होने वाली इस फिल्म से रणबीर कपूर के किरदार राम की पहली झलक जल्द ही सामने आने वाली है। लेकिन इससे पहले फिल्म की कास्ट न्यूयॉर्क पहुंचीं, जहां फिल्म की पहली झलक को दिखाया गया। इस दौरान निर्देशक और निर्माता के साथ रणबीर कपूर भी नजर आए। यहां रणबीर कपूर ने खुद के इस बड़ी फिल्म का हिस्सा बनने के बारे में बात की। साथ ही रणबीर ने ये भी खुलासा किया कि उन्होंने पहले ‘रामायण’ को करने से मना कर दिया था।
रणबीर ने ऐसे की किरदार की तैयारी
कार्यक्रम में रणबीर ने इस महाकाव्य में भगवान राम की भूमिका निभाने के अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अवसर के बारे में बात की। जब उनसे इस किरदार को निभाने की तैयारी के बारे में पूछा गया, तो रणबीर ने बताया कि मुझे लगता है कि मेरी तैयारी उसी दिन शुरू हुई जब मैंने रामानंद सागर की ‘रामायण’ देखी।
यह हमारे मन में इतनी गहराई से बसी हुई है और हमारे भीतर इतनी गहराई से समाई हुई है कि हमें इस कहानी और भगवान राम की यात्रा पर बहुत गर्व है। जब मुझे यह भूमिका निभाने का मौका मिला, तो निश्चित रूप से बहुत तैयारी करनी पड़ी। न केवल शारीरिक, बल्कि भावनात्मक और आध्यात्मिक भी तैयारी करनी पड़ी।
यह इसे समझने और पूरी तरह से ईमानदार होने के बारे में है। भगवान राम को सदियों से दुनिया भर में अरबों लोग प्यार करते आए हैं और हमारे जाने के बाद भी उनका प्यार बना रहेगा। मुझे इस किरदार और रामायण की कहानी से बहुत प्यार और सम्मान है। इसलिए जब यह भावना मेरे मन में बसी होती है, तो सब कुछ अपने आप ठीक हो जाता है।

ठुकरा दिया था ‘रामायण’ का ऑफर
इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने पहले ‘रामायण’ का रोल ठुकरा दिया था और भगवान राम का किरदार निभाने से इनकार कर दिया था। अपनी झिझक को याद करते हुए अभिनेता ने कहा कि मुझे याद है जब नमित ने मुझे लगभग चार साल पहले यह रोल ऑफर किया था, तो मेरी पहली प्रतिक्रिया थी नहीं। मैं इसके लिए फिट नहीं हूं, अच्छा नहीं हूं और मैं इसके साथ पूरा न्याय नहीं कर पाऊंगा।

पिता बनना और भगवान राम का किरदार निभाना जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़
हालांकि, फिल्म के ऑफर और बेटी राहा के पिता बनने की खुशी के संयोग पर बात करते हुए रणबीर ने कहा कि वह डर बहुत जल्दी कृतज्ञता में बदल गया। क्योंकि मेरे जीवन में ऐसे अवसरों की बहुत जरूरत थी। मैं अपने जीवन के ऐसे दौर में था जहां मुझे अपना जीवन और जीवनशैली बदलने की जरूरत थी। मैं पहली बार पिता बना था। मुझे लगता है कि भगवान राम का रोल निभाने और पिता बनने का यह सुखद संयोग मेरे जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ।

फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में एक बड़ी कास्ट दिखाई देगी। ‘रामायण’ दो पार्ट में रिलीज होगी। इसका पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा। जबकि दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।



