प्रयागराज। बहुप्रतीक्षित अग्रसेन भवन के लिए चिन्हित भूमि की रजिस्ट्री दिनांक 25 फरवरी 2025 को विधिवत सम्पन्न हो गई। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि सम्पूर्ण अग्रवाल समाज के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है, क्योंकि इसी भूमि पर समाज की दीर्घकालिक आकांक्षाओं को साकार करते हुए एक भव्य, आधुनिक एवं बहुउद्देशीय अग्रसेन भवन का निर्माण किया जाएगा।
महाराजा अग्रसेन स्मृति न्यास, प्रयागराज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “अग्रसेन भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि अग्रवाल समाज की एकता, सेवा भावना और सामाजिक समर्पण का जीवंत प्रतीक होगा। यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी धरोहर सिद्ध होगी। समाज के सहयोग और आशीर्वाद से हम इसे शीघ्र साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भवन का निर्माण व्यापक एवं आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा। भवन परिसर में दो विशाल सभागार, लगभग 60 सुसज्जित कक्ष, पार्किंग क्षेत्र, भोजनालय, बहुउद्देशीय बैठक कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था तथा सभी आधुनिक जन-सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। यह परिसर देश-विदेश से आने वाले अग्रबंधुओं के ठहरने, सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के संचालन हेतु एक उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
भूमि रजिस्ट्री के इस अवसर पर न्यास के महामंत्री मनोज अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिश्चंद्र अग्रवाल (बिल्लू भैया), कोषाध्यक्ष प्रमेय मित्तल, आदेश गोयल, विपुल कुमार मित्तल, अभिषेक मित्तल, मुकेश अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्यों ने उपस्थित होकर निर्माण कार्य की दिशा में हो रहे प्रयासों का स्वागत किया।
इस संबंध में शीघ्र ही ट्रस्ट के सभी ट्रस्टियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें भवन निर्माण की प्रगति, कार्ययोजना, तकनीकी पहलुओं, समय-सीमा तथा समाज के सहयोग से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
भवन परिसर में महाराजा अग्रसेन जी का भव्य मंदिर भी स्थापित किया जाएगा, जिसमें महाराजा अग्रसेन जी के साथ माता लक्ष्मी जी की दिव्य प्रतिमाएँ विराजमान होंगी। यह मंदिर समाज की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक प्रेरणा का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि “अग्रसेन भवन का निर्माण प्रयागराज में अग्रवाल समाज की संगठित शक्ति और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा। यह परिसर सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सेवा गतिविधियों के लिए एक केंद्रीय मंच के रूप में विकसित होगा तथा समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।”
अग्रसेन भवन का निर्माण पूर्ण होने के पश्चात यह परिसर प्रयागराज की प्रतिष्ठा एवं सामाजिक पहचान में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ते हुए अग्रवाल समाज की एकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा।
Anveshi India Bureau



