वायुसेना मुख्यालय बमरौली में हाई सिक्योरिटी जोन में वरिष्ठ अधिकारी एसएन मिश्रा की गोली मारकर हुई हत्या ने सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी है। कई फीट ऊंची कंटीले चहारदीवारी को फांदकर घुसे कातिल ने सैन्य अधिकारी के सीने में गोली मार दी।
वायु सेना की मध्य कमान के मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारी एसएन मिश्र की उनके आवास के भीतर हत्या की वारदात सुरक्षा में बड़ी चूक भी मानी जा रही है। सवाल है कि हाई सिक्योरिटी जोन वाले क्षेत्र में हत्यारा आखिर दाखिल कैसे हो गया। वह 24 घंटे निगरानी करने वाले जवानों और हाईटेक सर्विलांस सिस्टम को चकमा कैसे दे गया?
यहां अनाधिकृत व्यक्तियाें के प्रवेश पर रोक है। ऐसी चेष्टा करने वालों के लिए जगह-जगह दीवारों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी लिखी है। लगभग 10 फीट ऊंची दीवारों पर कंटीले तार भी लगाए गए हैं। जगह-जगह वाच टावर भी हैं।
यहां 24 घंटे सुरक्षा के लिए वायु सेना के जवानों की नियमित तैनाती की जाती है। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं, जिनके फुटेज की लगातार निगरानी की जाती है। परिसर में प्रवेश का एक ही द्वार है। वहां भी 24 घंटे जवान मुस्तैद रहते हैं। इतने तगड़े सुरक्षा इंतजाम के बावजूद कैंपस में घुसकर हत्या की वारदात कई गंभीर सवाल उठाती है। इस बारे में वायु सेना के जनसंपर्क अधिकारी ने कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

घर से मोर्चरी तक मातम, रिश्तेदार-परिचित स्तब्ध
हत्या के बाद अफसर के बमरौली स्थित घर से लेकर मोर्चरी तक मातम पसरा रहा। पत्नी-बेटा व बेटी बिलखते रहे तो बिहार से आए भतीजे व अन्य रिश्तेदार भी गहरे सदमे में रहे। यहां तक कि साथ काम करने वाले कर्मचारी भी गमगीन रहे। अफसर की पत्नी वत्सला व बेटा माधवेंद्र वायुसेना स्टेशन परिसर स्थित आवास में उनके साथ ही रहते थे। बेटा 10वीं कक्षा में है। जबकि, बेटी कावेरी लखनऊ में रहकर बीएएलएलबी की पढ़ाई कर रही है। इसी साल उसका दाखिला हुआ है। घटना की जानकारी पर वह भोर में ही चलकर सुबह नौ बजे के करीब घर पहुंची। तब तक उसे पिता की मौत की जानकारी नहीं दी गई थी। वहां पहुंचने पर पता चला तो वह फूट-फूटकर रोने लगी।
उधर घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में बिहार से उनके पैतृक गांव से भी रिश्तेदार व अन्य परिजन आ गए। भतीजे अभिनव ने बताया कि अफसर चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। इनमें से उसके पिता व एक अन्य भाई का निधन हो चुका है। घर के चाचा सत्येंद्र नारायण ही घर के सारे फैसले लिया करते थे। यकीन नहीं हो रहा कि अब वह इस दुनिया में नहीं रहे। उधर, मर्चरी पहुंचे कर्मचारी व कॉन्ट्रैक्टर भी गमगीन रहे। एक रिश्तेदार ने बताया कि परिजन देर शाम शव लेकर रवाना हो गए हैं। अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।
लगभग 50 मिनट परिसर के भीतर रहा हत्यारा
पुलिस की जांच में यह अहम बात यह सामने आई है कि सीसीटीवी में दिखा हत्यारा वायुसेना परिसर में करीब 50 मिनट तक रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रात में लगभग 2:40 मिनट पर वह परिसर में प्रवेश करते नजर आया। इसके बाद 20 से 25 मिनट तक वह परिसर व अफसर के आवास के इर्द-गिर्द घूमता रहा। भोर में 03 से 3:15 के बीच उसने वारदात अंजाम दी और फिर आखिरी बार 3:30 बजे के करीब फुटेज में नजर आया।
वारंट अफसर की तहरीर पर अज्ञात में केस



