नगर निगम प्रयागराज द्वारा महापौर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में आयोजित 6 दिवसीय “खेलो प्रयागराज महापौर कप 2025” के तृतीय दिवस का आयोजन गवर्नमेंट प्रेस मैदान में किया गया। इस अवसर पर चौधरी नौनिहाल सिंह क्लब एवं भानु प्रताप सिंह क्लब के मध्य खेले गए टी-20 सेमीफाइनल क्रिकेट मैच का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वयं बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए किया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहा है और न रहेगा। उन्होंने कहा कि महापौर गणेश केसरवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रेरित होकर सांसद खेल प्रतियोगिता की तर्ज पर खेलो प्रयागराज महापौर कप की ऐतिहासिक पहल की है, जो स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच बन रहा है।
उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में प्रयागराज आगे बढ़ेगा और देश का नाम रोशन करेगा। आज देश की बेटियाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा रही हैं, और इस आयोजन के माध्यम से प्रयागराज की बेटियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण हेतु महापौर द्वारा की गई पहल सराहनीय है और इसे हमारी ही सरकार द्वारा शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों एवं उप मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर नगर निगम प्रयागराज द्वारा यह आयोजन किया जा रहा है। महापौर ने बताया कि इस प्रतियोगिता के अंतर्गत 22 प्रकार के खेलों में खिलाड़ियों को अवसर दिया जा रहा है और नगर निगम खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास हेतु पूर्णतः संकल्पित है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वी.के. सिंह, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, गंगापार जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार जिला अध्यक्ष राकेश शुक्ला ने आयोजन की सराहना की। उप मुख्यमंत्री द्वारा प्रयागराज के वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि खेलो प्रयागराज महापौर कप 2025 के अंतर्गत एथलेटिक्स, पैरा-एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कराटे, खो-खो, लॉन टेनिस, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, रोइंग, क्याकिंग, कैनोइंग एवं स्केटिंग सहित कुल 22 खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन राजेश केसरवानी एवं सुभाष वैश्य ने किया। कार्यक्रम के संयोजक पार्षद आशीष द्विवेदी रहे। इस अवसर पर अनेक पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, नगर निगम अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



