एंग्लो बंगाली इंटरमीडिएट कॉलेज का वार्षिकोत्सव विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण और सांस्कृतिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, गीत और कविता के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने सराहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राथमिक एवं जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य-प्रस्तुतियों से हुआ, जिनका निर्देशन श्रीमती तनुजा एवं श्रीमती तुहिना ने किया। इसके पश्चात कविता पाठ सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा मंचित नाटक ‘चंद्रशेखर आज़ाद की शहादत’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों के प्रभावशाली अभिनय और संवाद प्रस्तुति को दर्शकों ने करतल ध्वनि के साथ सराहा।
श्रीमती रेखा दत्ता एवं श्रीमती स्मिता दत्ता के निर्देशन में तैयार अंग्रेज़ी गीत को छात्रों ने गिटार वादन के साथ प्रस्तुत किया। वहीं छोटे बच्चों द्वारा प्रेमचंद की कहानी ‘ईदगाह’ का मंचन भी दर्शकों को भावविभोर कर गया।
इस अवसर पर प्रो. रामेन्दु राय, प्रो. असीम मुखर्जी एवं प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय के पुरातन छात्रों श्री शंकर चटर्जी एवं डॉ. शैलेन्द्र कुमार मिश्र को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 41 वर्षों तक विद्यालय में सेवा देने वाले लिपिक श्री रामचन्द्र को भी सम्मानित किया गया।
प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री रामेन्दु राय ने कहा कि यह विद्यालय उनके लिए केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि स्मृतियों और संस्कारों का केंद्र है। प्रबंधक प्रो. असीम मुखर्जी ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
पुरातन छात्र एवं मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. शैलेन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा कि इसी विद्यालय से प्राप्त शिक्षा ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री स्वास्तिक बोस ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिकाएं श्रीमती रेखा दत्ता, श्रीमती स्मिता दत्ता, श्रीमती तुहिना एवं श्रीमती तनुजा की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन जयदीप गांगुली, अनुपम परिहार एवं यशवंत सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप-प्रधानाचार्य श्री मयंक श्रीवास्तव ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Anveshi India Bureau



