अयोध्या में अनियंत्रित बोलेरो ने निजी स्कूल की टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में आठ बच्चे घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगे पढ़ें पूरी खबर…
रामनगरी अयोध्या में पूरा बाजार विकासखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह अनियंत्रित बोलेरो ने निजी स्कूल की टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में आठ बच्चे घायल हो गए। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पहुंचाया गया। वहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसा महाराजगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-अंबेडकर नगर मुख्य मार्ग पर राजेपुर गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल टेंपो बच्चों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने अनियंत्रित होकर टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण, दुकानदार और राहगीर मौके की ओर भागे। लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि घायल बच्चों को सीएचसी पूरा बाजार में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में मामूली चोट आने के कारण पांच बच्चों को सीटी स्कैन के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जांच रिपोर्ट सामान्य आई है। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
घायलों में मानवी (9), सृष्टि (9), सुमित (9), प्रियांशी (9), आयुषी (8), खुशबू (7), साहिल (9) और जान्हवी (9) निवासी राजेपुर शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने बोलेरो चालक सचिन वर्मा (26) निवासी दरियाबाद, बाराबंकी को हिरासत में लिया है। आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Courtsyamarujala.com



