भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगिंदर शर्मा से भेंट कर माघ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उन्हें बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष माघ मेला अत्यंत व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हुआ। भीड़ प्रबंधन उत्कृष्ट रहा तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होना प्रशासन की प्रभावी रणनीति और समन्वय का परिणाम है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे प्रयागराज के लिए गर्व का विषय बताया।
इस दौरान व्यापार मंडल ने शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या की ओर भी पुलिस कमिश्नर का ध्यान आकर्षित कराया। योगेश गोयल ने कहा कि होली और ईद के पर्व लगभग एक साथ होने के कारण बाजारों में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है, जिससे जाम की स्थिति बन रही है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने मांग की कि चौक एवं कटरा क्षेत्र के पार्कों में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए तथा एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज परिसर में स्थायी पार्किंग विकसित की जाए। साथ ही जहां पार्किंग संभव नहीं है, वहां वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए। व्यापार मंडल ने प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती, मोबाइल कंट्रोल यूनिट, डिजिटल साइन बोर्ड और अस्थायी बैरिकेडिंग की भी मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर जोगिंदर शर्मा ने एडिशनल डीसीपी विजय आनन्द को निर्देशित किया कि वे अगले दो दिनों में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक व्यवस्था का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करें और उसे लागू करें। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि 2 से 3 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में नवीन अग्रवाल, राजकुमार केसरीवानी, अभिषेक केसरीवानी, पियूष पांडेय, रोशनी अग्रवाल, मनोरमा गोस्वामी, अधिवक्ता मनोज गोस्वामी, हर्ष जायसवाल, नीरज अग्रवाल, धीरज केशरवानी, विकास वैश्य और रानू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



