Monday, February 23, 2026
spot_img
HomeUttar Pradeshउप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य का जर्मनी दौरा: निवेश संवाद को...

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य का जर्मनी दौरा: निवेश संवाद को नई गति

केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट प्रवास के दौरान औद्योगिक एवं शासकीय प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर निवेश सहयोग को नई दिशा दी। यह दौरा नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और योगी आदित्यनाथ की राज्य में अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने की मंशा के अनुरूप आयोजित हुआ।

सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में सहयोग

प्रतिनिधिमंडल ने ZVEI की ग्लोबल अफेयर्स एंड इकोनॉमिक्स (इंडो-पैसिफिक एवं चाइना अफेयर्स) की सुश्री सिल्के सिख्टर तथा EA Elektro Automatik GmbH के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्कस शायबोल से भेंट कर भारत-जर्मनी के बीच सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सहयोग को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में उत्तर प्रदेश को उभरते वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए Siemens एवं NXP Semiconductors के विस्तार, बढ़ते निवेशक विश्वास तथा भारत के विशाल उपभोक्ता बाजार को रेखांकित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने जर्मन कंपनियों को प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण आयोजनों में सहभागिता तथा दीर्घकालिक औद्योगिक साझेदारी के लिए आमंत्रित किया।

एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और नवाचार सहयोग

प्रतिनिधिमंडल ने Frankfurt Airport क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, केल्स्टरबाख एवं राउनहाइम के महापौरों तथा इनोवेशन राइनमाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से भी मुलाकात की। बैठक में Noida International Airport और फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट के बीच सहयोग, लॉजिस्टिक्स, डाटा सेंटर, नवाचार एवं औद्योगिक विकास पर सकारात्मक चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने सहयोग को औपचारिक रूप देने हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) पर सहमति जताई तथा जर्मन औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल के उत्तर प्रदेश दौरे को प्रोत्साहित करने और दीर्घकालिक संस्थागत साझेदारी विकसित करने का निर्णय लिया।

उत्तर प्रदेश–हेसेन राज्य साझेदारी

प्रतिनिधिमंडल ने Hessen राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल से भी भेंट की, जिसका नेतृत्व राज्य सचिव सुश्री कैरिन म्यूलर ने किया। बैठक में द्विपक्षीय निवेश अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।

उत्तर प्रदेश की निवेशक-अनुकूल एफडीआई नीति तथा मेडिकल डिवाइस, वस्त्र, चमड़ा, फुटवियर, सेमीकंडक्टर, रक्षा, आईटी/आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) एवं 660+ मेगावाट क्षमता वाले डाटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में राज्य की क्षमताओं को रेखांकित किया गया। वहीं, हेसेन की वित्त, रसायन, स्वास्थ्य सेवा, कृषि एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों में वैश्विक विशेषज्ञता की सराहना की गई।

दोनों पक्षों ने क्षेत्र-विशिष्ट साझेदारियों को आगे बढ़ाने, विशेषज्ञ स्तर की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा राज्य-से-राज्य दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करने के लिए आगामी बैठकों पर सहमति व्यक्त की।

 

जर्मन उद्योगों के लिए आमंत्रण

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश विशेष रूप से टेक्सटाइल, अपैरल, लेदर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर, ग्रेटर नोएडा स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क, मल्टी-लोकेशन केमिकल एवं फार्मा पार्क तथा डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षेत्रों में जर्मन उद्योगों का स्वागत करता है, जहाँ दर्जनों बिलियन डॉलर के निवेश अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सेवा क्षेत्र में तीव्र गति से उभर रहा है और आईटीईएस नीति के तहत प्रमुख वैश्विक कंपनियाँ संचालन कर रही हैं। डेटा सेंटर क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। GCC नीति 2024 अनुसंधान एवं विकास, उच्च कौशल मानव संसाधन, विश्वविद्यालय-उद्योग सहयोग और पूंजीगत प्रोत्साहनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश को भारत का अग्रणी GCC गंतव्य बनाने की दिशा में कार्यरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत और यूरोप के बीच संभावित मुक्त व्यापार समझौता (FTA) एक ऐतिहासिक अवसर प्रस्तुत करता है। भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और उत्तर प्रदेश—देश का सबसे बड़ा राज्य, सर्वाधिक युवा आबादी एवं विशाल MSME आधार के साथ—जर्मन उद्योगों के लिए स्वाभाविक रणनीतिक साझेदार बन सकता है।

श्री मौर्य ने जर्मन कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश, संयुक्त उपक्रम एवं प्रौद्योगिकी सहयोग के लिए आमंत्रित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और अधिक सुदृढ़ स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments