Thursday, March 19, 2026
spot_img
HomePrayagrajप्रयागराज के डॉ. दीपक त्रिपाठी बने इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन के श्रवण...

प्रयागराज के डॉ. दीपक त्रिपाठी बने इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन के श्रवण बाधित अनुभाग के राष्ट्रीय समन्वयक

प्रयागराज। खेल एवं सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में प्रयागराज के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. दीपक त्रिपाठी को इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन (IDDA) के श्रवण बाधित (Deaf) अनुभाग का राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह दायित्व न केवल उनकी सक्रिय सामाजिक प्रतिबद्धता का सम्मान है, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के सशक्तिकरण की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों की भी सराहना है।
इसी क्रम में इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन, जो वर्ल्ड डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन से संबद्ध है, द्वारा आयोजित भारतीय पैरा डार्ट्स टीम के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर में भी डॉ. दीपक त्रिपाठी को विशिष्ट अतिथि एवं पदाधिकारी के रूप में सादर आमंत्रित किया गया है। यह चयन एवं प्रशिक्षण शिविर 22–23 मार्च 2026 को ट्विन टावर्स इन (Twin Towers Inn), ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है, जो 23 से 27 अप्रैल 2026 तक सेलांगोर (मलेशिया) में आयोजित होने वाली सेलांगोर ओपन डार्ट्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए देशभर से पैरा डार्ट्स खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

डॉ. त्रिपाठी वर्तमान में नेहरू ग्राम भारती (मानित विश्वविद्यालय), जमुनीपुर, प्रयागराज में विशेष शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं और लंबे समय से दिव्यांगजनों के अधिकार, शिक्षा तथा खेलों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

डॉ. दीपक त्रिपाठी की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को गौरव प्राप्त हुआ है। खेलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने, उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने तथा उनके भीतर निहित प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

समाज के विभिन्न वर्गों, खेल प्रेमियों एवं शिक्षाविदों ने डॉ. दीपक त्रिपाठी को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में श्रवण बाधित खिलाड़ियों को नई दिशा, अवसर और प्रोत्साहन प्राप्त होगा तथा भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और अधिक गौरव अर्जित करेगा।

उक्त जानकारी इंडियन डिसएबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन के महासचिव महेंद्र सिंह द्वारा दी गई।

 

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments