Tuesday, February 17, 2026
spot_img
HomePrayagrajसजगता से सशक्तिकरण तक : एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन कैडेट्स...

सजगता से सशक्तिकरण तक : एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन कैडेट्स ने सीखी आधुनिक आपदा चेतना

एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, प्रयागराज के तत्वावधान में तथा 15वीं यूपी बटालियन एनसीसी, प्रयागराज द्वारा सैनिक पी.जी. कॉलेज, मई देवकली, हनुमानगंज परिसर में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन अनुशासन, सजगता और सर्वांगीण विकास से परिपूर्ण गतिविधियाँ सम्पन्न हुईं।

दिवस की शुरुआत प्रातःकालीन पीटी एवं योगाभ्यास से हुई, जिससे कैडेट्स में शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक संतुलन का विकास हुआ। इसके पश्चात राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), उत्तर प्रदेश की प्रशिक्षित टीम द्वारा सीबीआरएन (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं नाभिकीय) विस्फोटक खतरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सत्र में आधुनिक आपदाओं की प्रकृति, संभावित जोखिमों तथा उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

 

इस अवसर पर ‘युवा आपदा मित्र योजना’ के अंतर्गत राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित ऑनलाइन आपदा प्रबंधन परीक्षा के संबंध में भी कैडेट्स को जानकारी दी गई, जिससे उनमें आपदा के समय जिम्मेदारी निभाने की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।

दिवस के द्वितीय सत्र में आयोजित गेम परेड के माध्यम से कैडेट्स के शारीरिक सामर्थ्य, मानसिक दृढ़ता एवं टीम भावना को विकसित किया गया। उत्साह और अनुशासन से परिपूर्ण इस सत्र ने कैडेट्स में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक चेतना का संचार किया।

कैम्प कमांडेंट कर्नल राहुल दुबे ने कैडेट्स से संवाद कर शिविर में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली और उनके अनुभवों को साझा किया। उन्होंने एनसीसी को राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला बताते हुए कैडेट्स को अनुशासन और सेवा भाव अपनाने के लिए प्रेरित किया।

 

शिविर के सुव्यवस्थित संचालन में सीएचएम पुष्पेंद्र कुमार चाहर (कैम्प बीएचएम) की भूमिका सराहनीय रही। वहीं मेजर विमल कुमार उत्तम, कैप्टन मनोज कुमार सिंह, कैप्टन रेखा सिंह, लेफ्टिनेंट (डॉ.) कृपा शंकर यादव (एएनओ गण) एवं नीति सिंह (जीसीआई) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

शिविर का नौवां दिन कैडेट्स के लिए आधुनिक आपदा चेतना, शारीरिक-मानसिक सुदृढ़ता तथा राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक संकल्प को और अधिक प्रखर करने वाला सिद्ध हुआ।

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments