प्रयागराज में सोमवार को अभिनय और सिनेमा प्रेमियों के लिए एक खास अवसर देखने को मिला, जब प्रसिद्ध निर्देशक सुधीर सिन्हा के निर्देशन में वेबसीरीज़ “तेरे इश्क़ में फ़ना” के लिए भव्य ऑडिशन का आयोजन किया गया। इस ऑडिशन में शहर के उभरते हुए कलाकारों के साथ-साथ रंगमंच से जुड़े कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मंच मिला।
ऑडिशन में कुल 77 महिला, पुरुष एवं बाल कलाकारों ने भाग लिया और कठिन राउंड्स के माध्यम से अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में शामिल श्याम कमल यादव, अनुश्री पॉल और गौरिश आहूजा ने कलाकारों के अभिनय, संवाद अदायगी, भावनात्मक प्रस्तुति और आत्मविश्वास का गहन मूल्यांकन किया।
बड़ी संख्या में कलाकारों की सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रयागराज में अभिनय और वेबसीरीज़ को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह और क्रेज है। वेबसीरीज़ “तेरे इश्क़ में फ़ना” की शूटिंग 8 फ़रवरी से प्रयागराज और बनारस के विभिन्न लोकेशनों पर शुरू होने जा रही है।

इस बहुप्रतीक्षित वेबसीरीज़ में कई फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके जाने-माने अभिनेता बाजीराव बाबन यादव मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि सुप्रसिद्ध अभिनेत्री सपना सिंह मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाएंगी।
ऑडिशन के सफल आयोजन पर निर्देशक सुधीर सिन्हा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रयागराज में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल कलाकारों को सही मंच और मार्गदर्शन देने की। वहीं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने भी कलाकारों की मेहनत और लगन की सराहना की।
यह ऑडिशन न केवल प्रयागराज और आसपास के जिलों के कलाकारों के लिए एक बड़ा अवसर साबित हुआ, बल्कि प्रयागराज और बनारस को वेबसीरीज़ और डिजिटल सिनेमा के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Anveshi India Bureau



