हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकारिणी ने घटना की निंदा की गई। साथ ही बार एसोसिएशन की ओर से गाजियाबाद के जिला जज के खिलाफ अवमानना वाद दाखिल करने का निर्णय लिया गया।
गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन व जिला अधिवक्ता संघ, टैक्स बार एसोसिएशन व राजस्व परिषद बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे हैं। इस दौरान अधिवक्ताओं ने आरोपी पुलिसकर्मियों, अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करने व गाजियाबाद के जिला जज को तत्काल निलम्बित किए जाने की मांग उठाई। वहीं अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट के गेट नंबर तीन पर पुलिस प्रशासन का पुतला जलाकर विरोध जताया।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने बताया कि जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार के विरुद्ध आपराधिक अवमानना का वाद तैयार किया गया है। जल्द ही न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश खरे, कोषाध्यक्ष रणविजय सिंह, अग्निहोत्री कुमार त्रिपाठी, अखिलेश कुमार मिश्र, सुभाष चंद्र यादव, नीरज त्रिपाठी, नीलम शुक्ला, सुमित कुमार श्रीवास्तव, अभिजीत कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव प्रेस पुनीत कुमार शुक्ला, आंचल ओझा, उदिशा त्रिपाठी, दिनेश यादव, ब्रजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मिश्र रज्जू ने कहा कि राज्य विधिज्ञ परिषद उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सर्वसम्मति से न्यायिक कार्य न करने का फैसला लिया गया था। इसी के तहत सोमवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और प्रदर्शन किया। इस दौरान गाजियाबाद में वकीलों पर लाठीचार्ज की घटना का एक विशेष समिति से जांच कराने, दोषियों को दंडित करने, गाजियाबाद के जिला जज को तत्काल निलंबित करने की मांग की गई।
जिला अधिवक्ता संघ के मंत्री दिनेश चन्द्र पांडेय ने कहा कि तहसील फूलपुर में अधिवक्ता शिवम पांडेय एवं उनके दो भाईयों पर हमला करने वाले आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नही हुई। वहीं, अधिवक्ता की पुत्री के साथ दुर्व्यवहार करने वाले आरोपी पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा है। ऐसे में प्रभारी निरीक्षक, फूलपुर व कोतवाली को तत्काल निलम्बित किया जाए।



