प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, वस्त्रोद्योग एवं हथकरघा मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में मंगलवार को विधान भवन स्थित कक्ष संख्या-80 में उद्योग स्थायी समिति की तृतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त की अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई। मंत्री ने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंकों को अपेक्षित सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को बिना अनावश्यक बाधा योजना का लाभ मिलना चाहिए।
मंत्री ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तहसीलवार लक्ष्यों और आवेदनों का विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला उद्योग बंधु की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए तहसील स्तर पर शिविरों के आयोजन पर जोर देते हुए बताया गया कि अब तक 87 तहसीलों में 165 शिविरों के माध्यम से 12,959 युवाओं को योजना से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा “सीएम युवा कॉनक्लेव एवं एक्सपो” के जरिए भी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक में औद्योगिक पार्कों के विकास, एमएसएमई सेक्टर को सुदृढ़ करने और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित मामलों में जिलाधिकारियों से रिपोर्ट लेकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राकेश सचान ने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
बैठक में विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विकास गुप्ता, श्याम सुन्दर, राम अचल राजभर, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



