प्रयागराज। अंतर जनपदीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद रामपुर से 32 सदस्यीय युवा दल अरुण सिंह एवं पीयूष वरदान के नेतृत्व में प्रयागराज पहुँचा। पाँच दिवसीय आवासीय कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, प्रयागराज द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का निर्देशन उपनिदेशक प्रयागराज जागृति पाण्डेय कर रही हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन फाफामऊ क्षेत्र के विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने किया। उन्होंने रामपुर से आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विभिन्न जनपदों की वेशभूषा, भाषा, कृषि एवं संस्कृति को समझना राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करता है। उन्होंने महाकुंभ की पावन धरा प्रयागराज में युवाओं का अभिनंदन करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शॉर्टकट की प्रवृत्ति बढ़ रही है, किंतु स्थायी एवं सुदृढ़ विकास के लिए परिश्रम और समर्पण आवश्यक है। युवाओं को नैतिक एवं शैक्षिक रूप से सशक्त बनाकर ही देश और समाज का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

पाँच दिवसीय इस आवासीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य, संस्कृति, नेतृत्व, नैतिक मूल्यों एवं सतत विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे। 22 एवं 24 फरवरी को शैक्षिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण के अंतर्गत संग्रहालय, आनंद भवन, गंगा टास्क फोर्स, भारद्वाज पार्क, अरैल घाट एवं वीआईपी घाट संगम का भ्रमण कराया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। राज्य प्रशिक्षक महेश द्विवेदी सत्र प्रदान करेंगे, जबकि केतन एवं कुलदीप मिश्रा का पाँचों दिवस तथा क्षेत्र भ्रमण में विशेष योगदान रहेगा।
Anveshi India Bureau



