Saturday, March 21, 2026
spot_img
HomePrayagrajजगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि जी महाराज का प्रयागराज में भव्य स्वागत

जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि जी महाराज का प्रयागराज में भव्य स्वागत

श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के जगद्गुरु पद पर अभिषिक्त होने के उपरांत परम पूज्य जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि जी महाराज का तीर्थराज प्रयागराज में प्रथम आगमन अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने अपने गुरुदेव के आदेशानुसार प्रातःकाल सर्वप्रथम त्रिवेणी संगम पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया।

इसके पश्चात उन्होंने वेणी माधव मंदिर में दर्शन-पूजन किया तथा महर्षि भारद्वाज आश्रम में सप्तऋषियों का स्मरण एवं दर्शन किया। साथ ही प्रयागराज धाम के विभिन्न प्रमुख तीर्थों के दर्शन कर माँ ललिता देवी मंदिर में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।

आगे चलकर जगद्गुरु महाराज मौज गिरी, जूना अखाड़ा, कीडगंज पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पूज्य गुरुदेव एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक पूज्य श्री हरि गिरि जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और धर्म व राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

इस पावन अवसर पर प्रयागराज के वरिष्ठ भाजपा नेता कुमार नारायण ने अपने साथियों के साथ पुष्पमाला एवं पटका पहनाकर जगद्गुरु महाराज का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है कि स्वामी चक्रपाणि जी महाराज को जूना अखाड़ा द्वारा जगद्गुरु की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रयागराज सहित पूरे देश में उनके सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा शीघ्र ही प्रयागराज में एक विशाल स्वागत समारोह होगा।

कार्यक्रम में केपी ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह के सुपुत्र कौशलेंद्र नाथ सिंह “सौरभ” सहित अनेक श्रद्धालुओं ने जगद्गुरु महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। कौशलेंद्र नाथ सिंह ने इसे पूरे समाज के लिए गर्व का विषय बताया।

पत्रकारों से वार्ता के दौरान जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि जी महाराज ने बताया कि शीघ्र ही देशभर में “हिंदू स्वाभिमान यात्रा” निकाली जाएगी, जिसका उद्देश्य धर्म रक्षा, गौ रक्षा, मंदिरों की सुरक्षा तथा संतों और गौभक्तों की रक्षा सुनिश्चित करना होगा।

वृंदावन में गौभक्त परसा बाबा की हत्या के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोषियों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ेंगे और शीघ्र न्याय दिलाया जाएगा।

जगद्गुरु महाराज ने कहा कि अपने गुरुदेव के मार्गदर्शन में श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, विभिन्न हिंदू संगठनों और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से यह राष्ट्रव्यापी यात्रा प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका जीवन सदैव धर्म रक्षा, राष्ट्र रक्षा और हिंदू स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा है।

इस अवसर पर सुमित श्रीवास्तव, आर.के. श्रीवास्तव, दिलीप श्रीवास्तव (दीपू), भानु प्रताप सिंह, संचित निधि, अमित श्रीवास्तव (रिंकू), धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव (समीर), कौशलेंद्र बहादुर, राकेश श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments