26 दिसंबर, प्रयागराज: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी का आज प्रयागराज आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस में भव्य स्वागत किया। महानगर भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नकवी का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा, “मोदी जी का मजबूत और कुशल नेतृत्व न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया के लिए संकटमोचक साबित हुआ है। भारत आर्थिक महाशक्ति बन रहा है और आतंकवाद का सफाया कर रहा है।”
उन्होंने वन नेशन, वन इलेक्शन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “देश को बार-बार चुनाव के झंझट और खर्च से बचाने के लिए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए। इससे विकास की गति में रुकावट नहीं आएगी।”
मुख्तार अब्बास नकवी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश में सांप्रदायिकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। नकवी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 2027 के चुनावों के लिए अभी से तैयारी में जुटने और विपक्ष के इरादों को विफल करने की अपील की।
योगी सरकार की सराहना करते हुए नकवी ने कहा, “उत्तर प्रदेश अब गुंडाराज से मुक्त है और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ आगे बढ़ रहा है।”
इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता राम जी केशरवानी, नवाब खान, राजेश केसरवानी, रमेश पासी, मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, राकेश भारती, प्रशांत शुक्ला, बिलाल अहमद, और हैदर अब्बास नकवी समेत कई कार्यकर्ताउ पस्थित रहे।
Anveshi India Bureau