लखनऊ, 10 जनवरी। बैटल डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय बैटल डांस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ शनिवार को संस्कृत पाठशाला महाविद्यालय, सदर बाजार में हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री पाठक ने कहा कि आज का युवा खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से देश का नाम रोशन कर रहा है। बैटल डांस स्पोर्ट्स अनुशासन, फिटनेस और रचनात्मकता का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने ब्रेक डांस के ओलंपिक खेल के रूप में शामिल होने को युवाओं की प्रतिभा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री जय सिंह, क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, आउटरीच ब्यूरो, भारत सरकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह, निदेशक, इग्नू ने मास्टर कैटेगरी एक्रो योग में स्वर्ण पदक जीतकर विशेष पहचान बनाई।
अर्जुन अवॉर्डी सुश्री रचना गोविल की संरक्षक के रूप में उपस्थिति खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रही। कार्यक्रम में क्रीड़ा अधिकारी श्री संजीव कुमार सिंह, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री अनिल श्रीवास्तव तथा संस्कृत पाठशाला के ट्रस्टी श्री अंकुर अग्रवाल भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने क्लासिकल डांस, लोक कला, एक्रो योग और एक्रोबैटिक सहित विभिन्न श्रेणियों में आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। पहले दिन स्वर्ण पदक विजेताओं में मोहलक्षिका सिंह, नेविका सिंह, अर्न ओम सिंह, दीपांशी, तनिष्क बंसल, शिक्षा अग्रवाल और गार्गी द्विवेदी शामिल रहे।
आयोजन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री के. बी. पंत ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का समापन समारोह 11 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
Anveshi India Bureau



