Wednesday, February 18, 2026
spot_img
HomePrayagrajएकता, अनुशासन और सेवा भाव से राष्ट्रनिर्माण की ओर बढ़ते एन.सी.सी. कैडेट्स

एकता, अनुशासन और सेवा भाव से राष्ट्रनिर्माण की ओर बढ़ते एन.सी.सी. कैडेट्स

प्रयागराज: एन.सी.सी. ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज के तत्वावधान में 15 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी., प्रयागराज द्वारा 12 दिवसीय विशेष “युवा आपदा मित्र योजना” एवं संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन सैनिक पी.जी. कॉलेज, मई–देवकाली, हनुमानगंज के परिसर में किया गया। इस अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण शिविर में एन.सी.सी. ग्रुप मुख्यालय प्रयागराज की समस्त यूनिटों के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शिविर का शुभारंभ कैंप कमांडेंट कर्नल राहुल दुबे द्वारा राष्ट्रीय कैडेट कोर के मूल मंत्र “एकता एवं अनुशासन” की शपथ दिलाकर किया गया। इस अवसर पर उनका ओजस्वी उद्बोधन कैडेट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।

 

कैम्प कमांडेंट ने अपने संबोधन में समयबद्धता, एकता, अनुशासन, ईमानदारी, वफादारी तथा कर्तव्यनिष्ठा जैसे जीवनोपयोगी मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को न केवल एक श्रेष्ठ नागरिक बल्कि राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर युवा बनने का आह्वान किया। उन्होंने शिविर अवधि में कैडेट्स को अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने, आत्मअनुशासन विकसित करने तथा मोबाइल जैसी विसंगतियों से दूरी बनाए रखने की सारगर्भित सलाह दी।

 

शिविर के दौरान कैंप कमांडेंट द्वारा कैडेट्स के आवास, भोजन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की गई, जिससे कैडेट्स में सुरक्षा, विश्वास और उत्साह का वातावरण बना।

 

इस अवसर पर सैनिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन संतोष यादव उपस्थित रहे।

 

यह शिविर न केवल आपदा प्रबंधन के कौशल को सुदृढ़ करेगा, बल्कि कैडेट्स के व्यक्तित्व निर्माण में भी एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments