नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की प्रयागराज जिला इकाई द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे एनयूजे कार्यालय, सिविल लाइंस में हुई। इस अवसर पर देश की आज़ादी के आंदोलन में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कुंदन श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी प्रखर श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि प्रखर श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारों की निष्पक्ष लेखनी ही देश का भविष्य तय करती है। देश की जनता को सेना और मीडिया—दोनों पर भरोसा है, और यह सौभाग्य की बात है कि दोनों ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित सभी पत्रकार साथियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में दोपहर 1 बजे नगर के जॉर्ज टाउन स्थित द्वारिका अस्पताल सभागार में भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी चिकित्सक एवं द्वारिका अस्पताल के निदेशक डॉ. सुशील कुमार सिन्हा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कुंदन श्रीवास्तव ने की तथा संचालन अश्वनी श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों एवं देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत एनयूजे प्रयागराज के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों का परिचय कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा एनयूजे प्रयागराज के वार्षिक कैलेंडर 2026 का अनावरण किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुशील कुमार सिन्हा ने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता ही देश की वास्तविक शक्ति है। मीडिया समाज और राष्ट्र की सजग प्रहरी है, और एनयूजे प्रयागराज इस दायित्व का भली-भांति निर्वहन कर रहा है। संगठन में सदस्यों की निरंतर बढ़ती संख्या उसकी विश्वसनीयता का प्रमाण है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए सभी पत्रकार साथियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जिला अध्यक्ष कुंदन श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन में एकता और आपसी सौहार्द पर विशेष बल दिया जा रहा है। संगठन के लिए प्रत्येक सदस्य महत्वपूर्ण है। सभी के सम्मान और सहभागिता का ही परिणाम है कि आज एनयूजे प्रयागराज जिले का सबसे अधिक सदस्य संख्या वाला पत्रकार संगठन बनकर उभरा है। हमारी एकता ही हमारी पहचान है।
कार्यक्रम को महामंत्री मुलायम सिंह विशेन, संगठन मंत्री अखिलेश शुक्ला, चित्रांशी यादव, सलाहकार समिति सदस्य जे.एन. यादव, जिया सिद्दीकी, वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष मो. नदीम, मधुर दरबारी, मो. रिज़वान, धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सुशांत त्रिपाठी, अशफी खान, भालचंद्र पांडेय, मंत्री देवाशीष श्रीवास्तव, गंगापार प्रभारी रतन शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में एनयूजे प्रयागराज के अनेक सदस्य एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



