प्रयागराज।मिशन शक्ति 5.0 के अन्तर्गत प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलम्बन हेतु शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस से प्रारम्भ 30 दिवसीय विशेष अभियान के अन्तर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान के करकमलों से दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का शुभारम्भ सेन्ट एन्थोनी का० गर्ल्स इण्टर कालेज, प्रयागराज के सभागार में हुआ। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान का स्वागत करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक, पी०एन० सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज के समारोह की मुख्य अतिथि की यहाँ उपस्थिति सभी प्रधानाचार्यों / शिक्षिकाओं/छात्राओं के लिए प्रेरणा है। समारोह की मुख्य अतिथि महोदया के द्वारा विशाखा केश, निर्भया केश के आलोक में नारी अधिकारों एवं लैंगिक समानता, महिला अस्मिता की रक्षा, उत्तराधिकार के नियम घरेलू हिंसा, दहेज निषेध, जननी सुरक्षा आदि पर दिये गये निर्णय मील के पत्थर सिद्ध हुए है। उनके गरिममयी आगमन से हमारी बेटियों को जो प्रेरणा प्राप्त हो रही है वह उनके जीवन के लिए सुपथ सिद्ध होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक, पी०एन० सिंह ने सभी अतिथियों का अभिनन्दन करते हुए कहा कि हमारा प्रयास होगा कि माध्यमिक शिक्षा में अध्ययनरत् हमारी बेटियों को उनके सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक वातावरण अवश्य उपलब्ध होगा।अपने उद्बोधन में माननीय न्यायमूर्ति महोदया ने अपने विद्यार्थी जीवन के कई संस्मरणों को साझा करते हुए किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति का दृढ़ता से सामना करने का आह्वान किया। माननीय न्यायमूर्ति ने कहा कि हमारा इतिहास मातृ शक्ति के साहस, शौर्य और बुद्धिमत्ता से भरा पड़ा है। उन्होने आदि शंकराचार्य और मण्डन मिश्र की धर्म पत्नी भारती का उदाहरण देते हुए कहा कि विद्वान शंकराचार्य को देवी भारती ने पराजित किया था। माननीय न्यायमूर्ति ने यह भी कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक पी०एन० सिंह द्वारा आयोजित इस समारोह में आकर मुझे खुशी हुई है कि मैं अपने विद्यार्थी जीवन के क्षणों को यहा देख, सुन पा रही हूँ। माननीय न्यायमूर्ति के करकमलों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं सहित वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षा में प्रदेश स्तरीय मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले कु० श्रेया सिंह और कु० महक जायसवाल तथा राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा बिखेरने वाली बेटियों सहित इंस्पायर अवार्ड, विज्ञान के क्षेत्र में प्रयागराज का गौरव बढाने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक, पी०एन० सिंह ने माननीय न्यायमूर्ति महोदया सहित उपस्थित अधिकारियों को अंग वस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ०प्रभाकर त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूजा मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त निकिता श्रीवास्तव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, विजय सिंह यादव, श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह एवं अजय कुमार गिरि, सिस्टर वसिल्ला लियोन, डॉ० बी०एस० यादव, के०के० त्रिपाठी सहित 800 से अधिक प्रधानाचार्यों/ शिक्षिकाओं/छात्राओं/अभिभावकों आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अन्त में विजय सिंह यादव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Anveshi India Bureau



