प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में मीडिया कर्मी की चाकू मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हर्ष होटल के पास बृहस्पतिवार की रात मीडियाकर्मी एलएन सिंह (48) की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। वारदात के दाैरान हमलावरों ने एक दर्जन से अधिक बार चाकू से वार किए। इसके बाद धूमनगंज थाना क्षेत्र में नेहरू पार्क के समीप हत्यारोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दाैरान आरोपी के पैर में चार गोली लगी है। उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया है।
मूलरूप से बलिया के रहने वाले एलएन सिंह पिछले कई साल से धूमनगंज में परिवार के साथ रहते थे। वह एक निजी चैनल से जुड़े हुए थे। रात करीब 10:30 बजे वह सिविल लाइंस के जीएचएस रोड के पास गए थे। तभी वहां पर साहिल नाम के युवक से विवाद हो गया।इसके बाद साहिल के दोस्त विशाल समेत अन्य ने एलएन सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में वह बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।





