प्रयागराज आगमन पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बमरौली एयरपोर्ट एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री प्रयाग गौरव अनुभूति के तत्वावधान में पब्लिक लाइब्रेरी, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद उद्यान, प्रयागराज में आयोजित उत्तर प्रदेश के पहले विधानमंडल की प्रथम ऐतिहासिक बैठक के 139वें वर्ष के पूर्व दिवस पर आयोजित प्रयाग गौरव बोध कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तीर्थराज प्रयाग युगों से गौरव गाथा का केंद्र रहा है, जिसकी महिमा त्रेता युग से लेकर आज तक बनी हुई है। उन्होंने प्रयागराज को आध्यात्म, न्याय, शिक्षा, साहित्य, कला, राजनीति, स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक समरसता का केंद्र बताया।
उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जहां अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ने स्वतंत्र, सशक्त और विकसित भारत के लिए बलिदान दिया। साथ ही उन्होंने प्रयागराज को श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के महानायक पूज्य अशोक सिंघल एवं संघ के सरसंघचालक रहे रज्जू भैया की कर्मभूमि बताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रयागराज सहित प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है और कानून व्यवस्था सुदृढ़ होने से अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की, वे आज लोकतंत्र की परिभाषा न दें।
उन्होंने कहा, “हम लोकतंत्र के पुजारी हैं और कांग्रेस लोकतंत्र की हत्यारी पार्टी है।”
केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में विकास और सुशासन का कमल खिलेगा, तथा प्रयागराज की सभी 12 विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने की तथा संचालन विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, महापौर गणेश केसरवानी, विधायकगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



