प्रयागराज। नगर निगम प्रयागराज ने स्वच्छता अभियान 2024 के तहत एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार द्वारा आयोजित स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के तहत “स्वच्छता ही सेवा – 2024” अभियान में प्रयागराज को द्वितीय श्रेणी में स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त, “स्वच्छ घाट – 2024” श्रेणी में प्रयागराज को प्रथम श्रेणी में स्थान दिया गया है, जिससे नगर निगम प्रयागराज की प्रतिबद्धता और मेहनत को देशभर में पहचान मिली है।
नगर निगम प्रयागराज के अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से शहर में सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ है। नागरिकों की भागीदारी और प्रशासन की तत्परता ने इस उपलब्धि को और भी सराहनीय बना दिया है।

श्रृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विस के IEC प्रमुख कृष्ण कुमार मौर्य ने बताया कि “स्वच्छता ही सेवा” और “स्वच्छ घाट” प्रतियोगिता के दौरान पूरे देश भर के निकायों में प्रयागराज नगर निगम लगातार बेहतर कार्य कर रहा था। यहां के निवासियों, स्वयं सहायता संगठनों, स्कूलों और कॉलेजों की सामूहिक भागीदारी ने ही इस आयोजन को सफल बनाया।
प्रयागराज के महापौर एवं नगर आयुक्त ने इस उपलब्धि पर नगरवासियों को बधाई दी और उन्हें स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अभियान की नोडल सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडे ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज आने वाले दिनों में स्वच्छता के नए मानकों को स्थापित करने और शहर को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
Anveshi India Bureau



