बेटे नितिन सिंह ने बताया कि उनके पिता ने करीब पांच साल पहले एयरपोर्ट क्षेत्र के कटहुला गौसपुर में प्लॉट खरीदा था। पिछले तीन दिनों से प्लॉट में बोरिंग का काम चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे पिता घर से प्लॉट के लिए निकले थे। करीब 10:30 बजे बोरिंग करने वाले मजदूर वहां पहुंचे लेकिन उनके पिता नहीं दिखे। दोपहर के समय पास में स्थित निर्माणाधीन मकान में जब मजदूर गए तो देखा कि अमर सिंह का खून से लथपथ शव पड़ा था। मजदूरों ने तुरंत बेटे नितिन सिंह को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पत्नी, बेटे समेत परिवार के अन्य लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। नितिन ने बताया कि उनके पिता के माथे और सिर पर भारी धारदार हथियार से हमला किया गया था। घटनास्थल के आसपास कोई मकान नहीं है और वहां कोई रहता भी नहीं है।
घटनास्थल पर पहुंचे सिटी डीसीपी
सेवानिवृत्त सैनिक की हत्या की सूचना मिलते ही सिटी डीसीपी मनीष शांडिल्य भी मौके पर पहुंचे और मामले का जल्द खुलासा करने के आदेश दिए। डीसीपी ने बताया कि बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और इलाके में संदिग्ध लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।