प्रयागराज पहुंचे टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने संगम में डुबकी लगाई। इसका फोटो भी उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया। कहा कि यमुना में ही उन्होंने तैराकी सीखी है। आज बचपन की यादें ताजा हो गई हैं। स्नान के बाद उनके साथ सेल्फी लेने वालों की होड़ लग गई।
प्रयागराज। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने रविवार को संगम में डुबकी लगाकर बचपन की यादें ताजा कीं। इस यादगार पल का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसे प्रशंसकों ने खूब सराहा। वीडियो में कैफ ने कैप्शन में लिखा, ‘अमे, इसी यमुनाजी में तैराकी सीखा हूं।’ वीडियो में वह संगम के ठंडे पानी में तैराकी करते नजर आए। कैफ के साथ उनका बेटा भी मौजूद रहा।
कैफ ने पानी के बहाव और गहराई के बारे में नाविक से जानकारी लेते हुए संगम की महत्ता पर बात की। संगम में स्नान का अनुभव साझा करते हुए कैफ ने कहा कि बचपन के दिनों में यहीं तैराकी सीखी थी। संगम और यमुना नदी से उनका गहरा लगाव है। उन्होंने प्रयागराज की गलियों और संगम को अपनी यादों का हिस्सा बताया।
वीडियो को देखकर प्रशंसक उनकी सादगी और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना की तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक प्रशंसक ने लिखा, कैफ न केवल महान क्रिकेटर हैं, बल्कि उनकी सादगी और संस्कृति से जुड़ाव उन्हें और खास बनाते हैं। किसी ने लिखा कि भैया प्रयागराज में कुंभ का आनंद ले रहे हो…। कैफ ने संदेश दिया, हमें अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। संगम स्नान और प्रयागराज की यादें उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा हैं। उनका यह कदम युवाओं को अपनी परंपराओं और मूल्यों के प्रति प्रेरित करता है।
सेल्फी लेने के लिए लोगों में दिखा उत्साह
मोहम्मद कैफ के साथ लोगों ने सेल्फी लेकर अपने कैमरे में यादगार पल को कैद किया। इस दौरान कैफ काफी खुश नजर आए।
Courtsy amarujala.com



