प्रयागराज l विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर, प्रयागराज में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय के मार्गदर्शन में विद्यालय में रुके हुए लगभग 600 बाढ़ प्रभावित परिवार हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं बाढ़ प्रभावित पारिवारिक जनों के बच्चों ने विद्यालय के संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता के संयोजन एवं निर्देशन में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध कर दिया l

कार्यक्रम का शुभारंभ बाढ़ प्रभावित महिला फूलकली के स्वागत गीत से हुआ, तत्पश्चात बाढ़ पीड़ित बच्चे अर्णव, शुभी ने गीत एवं भजन तथा मोहम्मद उजैर ने उर्दू में ककहरा सुनाया l उसके बाद विप्रा केसरवानी ने कथक नृत्य के माध्यम से भगवान राम की वंदना प्रस्तुत कर भाव विभोर कर दिया, उसके बाद 11 वर्ष के उत्कर्ष गुप्ता ने सिंथेसाइजर पर भजन और देशभक्ति गीत बजाकर अपनी उंगलियों का जादू दिखाया, उसके बाद प्रियांशी श्रीवास्तव ने भजन “ओ कान्हा अब तो मुरली की, मधुर सुना दे तान” प्रस्तुत कर सबको भक्ति के रंग में रंग दिया, उसके बाद श्रद्धा पटेल, संस्कृति कृष्णा एवं मानसी ने “रघुवर तेरी राह निहारे सातों जनम से सिया” भजन पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया l सब के अनुरोध पर मनोज गुप्ता ने भी भगवान शिव की बारात का वर्णन सावनी कजरी के माध्यम से करके समां बांध दिया l समस्त कार्यक्रम में तबले पर भोलेनाथ दुबे एवं ढोलक पर भुवनेश्वर कांत ने बहुत ही सुंदर साथ दिया l विद्यालय के पूर्व छात्र एवं प्रसिद्ध युवा कवि शिवम भगवती ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत अपनी ओजस्वी रचनाओं से सबको रोमांचित कर दिया l
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नोडल अधिकारी बाढ़ पीड़ित केंद्र रवि शंकर द्विवेदी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए भोजन, वस्त्र, दवाएँ और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की गई है, यह कार्यक्रम आप सब लोगों के स्वस्थ मनोरंजन हेतु आयोजित किया गया है जिसमें आप सब ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है यह बड़े प्रसन्नता की बात है l उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई तबाही का विवरण, पीड़ित व्यक्तियों की तात्कालिक ज़रूरतों का उल्लेख और राहत प्रयासों में योगदान देने के लिए व्यक्तियों, संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आह्वान शामिल होना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया l
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता के.एन. कुमार, समाजसेवी दीपक अग्रवाल,एडीओ पंचायत सुरेंद्र कुमार यादव, लेखपाल प्रदीप कुमार त्रिपाठी, लेखपाल राकेश यादव, लेखपाल कृष्ण मूरत, लेखपाल अरविंद एवं लेखपाल मिथिलेश, सुशांत राष्ट्रभक्त तथा सब इंस्पेक्टर सिविल लाइंस मिथिलेश सिंह, हेड कांस्टेबल आरिफ अहमद, कांस्टेबल आरती सिंह सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे l
आभार ज्ञापन लेखपाल प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने तथा कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन सत्य प्रकाश पाण्डेय एवं दिनेश कुमार शुक्ला ने किया l
Anveshi India Bureau



