विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर प्रयागराज में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय के संयोजन में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं माध्यमिक शिक्षा परिषद के पूर्व सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के भैया-बहनों से सीधा संवाद कर उन्हें परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके उपरांत प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने दिव्यकांत शुक्ल को अंगवस्त्रम एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
विद्यालय के संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम तीन सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में हाईस्कूल, द्वितीय सत्र में इंटरमीडिएट तथा तृतीय सत्र में मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। इस दौरान दिव्यकांत शुक्ल ने परीक्षा-जनित तनाव, समय प्रबंधन, प्रभावी अध्ययन तकनीक, लेखन कौशल में सुधार, स्वास्थ्य एवं संतुलित आहार, विषयवार कठिनाइयों तथा नियमित अध्ययन के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को रखा, जिनका समाधान दिव्यकांत शुक्ल ने सरल उदाहरणों के माध्यम से किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा को अवसर के रूप में लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों के परीक्षा तनाव को कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन कौशल विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
विद्यार्थियों से संवाद के उपरांत दिव्यकांत शुक्ल ने समस्त आचार्य एवं आचार्या बहनों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों के बेहतर मार्गदर्शन पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या तथा भैया-बहन उपस्थित रहे।
Anveshi India Bureau



