Tuesday, February 17, 2026
spot_img
HomePrayagrajप्रयागराज पुस्तक मेले के नौवें दिन पाठकों का उत्साह चरम पर

प्रयागराज पुस्तक मेले के नौवें दिन पाठकों का उत्साह चरम पर

कटरा स्थित द पाम्स – रॉयल गार्डन (लक्ष्मी टॉकीज के सामने) में आयोजित प्रयागराज पुस्तक मेला अपने नौवें दिन भी पुस्तक प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मेले में बड़ी संख्या में पाठकों की उपस्थिति और विज़िटर बुक में दर्ज प्रतिक्रियाएँ आयोजन की लोकप्रियता को दर्शा रही हैं।

आगंतुकों ने नवीनतम पुस्तकों के व्यापक संग्रह, कथा–गैरकथा, बाल साहित्य तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। कवि धुरिया ने विज़िटर बुक में लिखा, “किताबों का शहर इलाहाबाद इंसान को ज़िंदा रखता है।” दारागंज निवासी नीरज ने लिखा कि किताबें जीवन को समृद्ध करती हैं और इस मेले में उन्हें अनमोल रत्नों जैसी पुस्तकें मिलीं।

दिलखुशा पार्क की नियति यादव ने “इट्स गुड, आई लाइक द बुक्स” लिखकर प्रसन्नता व्यक्त की। अभिषेक श्रीवास्तव ने इसे “एक कदम साहित्य की ओर” बताया, जबकि आनंद राज सिंह ने मेले को “किताबों की सुंदर दुनिया” कहा। मोहम्मद आतिश ने लिखा कि किताबों के बीच घूमना मानसिक सुकून देता है।

रविंद्र सिंह ने एक साथ अनेक प्रकाशकों की पुस्तकों को देखना अनूठा अनुभव बताया। उत्तम प्रकाश ने व्यवस्थाओं की सराहना की, वहीं हिमांशु ने कहा कि उनकी सभी पसंदीदा पुस्तकें यहाँ उपलब्ध रहीं। पल्लवी सिंह ने मेले को समाज और जीवन से जुड़ने का सार्थक माध्यम बताया।

वाराणसी से आई नंदिता अश्वि ने पुस्तकों की रचनात्मक दुनिया को बहुआयामी बताया, जबकि निशिता ने मेले को अविस्मरणीय अनुभव कहा। साबिद अहमद ने लिखा कि वर्तमान समय में पुस्तक मेला सभी मेलों से श्रेष्ठ है। योगेंद्र चौरसिया ने आयोजन के लिए आयोजकों का आभार जताया।

आयोजक मनोज सिंह चंदेल एवं सह-आयोजक मनीष गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को सांस्कृतिक मंच पर ‘बंदी शब्दों का हलफनामा’ पुस्तक पर परिचर्चा आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रो. आलोक प्रसाद ने की। वक्ताओं में प्रवीण शेखर, डॉ. दिनेश कुमार एवं डॉ. मोतीलाल शामिल रहे। इसी क्रम में रुद्रादित्य प्रकाशन समूह द्वारा प्रकाशित कविता-संग्रह ‘काशी नहीं’ (जुलाहे की कविताएँ) का लोकार्पण एवं परिचर्चा भी संपन्न हुई।

आयोजकों ने बताया कि 27 दिसम्बर 2025 को सायं 5 बजे रॉयल गार्डन, कटरा में पुस्तक विमोचन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद श्री कुंवर रेवती रमण सिंह होंगे तथा उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक श्री एस.एन. चक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर डॉ. पन्ना लाल और डॉ. अजय कुमार की पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा।

 

 

Anveshi India Bureau

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments